कैमरे में कैद हुई कुर्ती चोरनियां, आधे घंटे में पार कर दीं 229 कुर्तियां
अहमदाबाद में दो महिलाओं ने एक बुटीक से महज 30 मिनट में ही 229 कुर्तियां गायब कर दीं। उनका पुरुष साथी बुटीक की मालकिन को कुर्ती दिखाने में फंसा कर रखा और महिलाओं ने कुर्तियां गायब करनी शुरू कर दी थीं। पुलिस में अब इसकी शिकायत दी गई है।

गुजरात में चोरी का एक विचित्र मामला सामने आया है। अहमदाबाद में दो महिलाओं ने सिर्फ आधे घंटे में तकरीबन 2.25 लाख रुपये मूल्य की कुर्तियां उड़ा दीं। बुटीक की मालकिन को बातों में फंसा कर इन्होंने 229 कुर्तियां गायब कर दीं। सीसीटीवी फुटेज में इनकी कारस्तानी कैद हो गई है। बुटीक की मालकिन ने अब जाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, निधि चौधरी अहमदाबाद के लॉ सर्किल के पास स्थित अल्फा बाजार में बुटीक चलाती हैं। निधि ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी मुहैया कराई है, जिसमें महिलाएं कुर्तियां गायब करती दिख रही हैं। फुटेज में तकरीबन 35 साल का एक व्यक्ति निधि की दुकान में आकर कुर्तियां दिखाने को कहता है। निधि ने जब कुर्तियां दिखानी शुरू की तो उसी वक्त एक और महिला आ गई। दुकान में सीसीटीवी कैमरे लगा देख वह बाहर चली गई और एक अन्य महिला के साथ दुकान में घुसी थी। महिलाओं ने कुर्तियां दिखाने को कहा। निधि ने उन्हें भी कुर्तियां दिखानी शुरू की थी। इस बीच, बुटीक में सबसे पहले घुसे व्यक्ति ने कुर्तियां चुनकर महिलाओं को दी थीं। उनमें से एक महिला ने कुर्तियों को मोड़कर पास में रखी कुर्तियों में छिपा दिया था।
इसके बाद दूसरी महिला सक्रिय हो गई। उसने एक कोने में जाकर छिपाई हुई कुर्तियों को अपने पैजामे के अंदर रख लिया। दोनों महिलाएं बिना कुछ खरीदे ही बुटीक से बाहर चली गई थीं। महिलाओं के जाने के बाद सबसे पहले आया व्यक्ति भी बुटीक से निकलकर चलता बना था। ‘अहमदाबाद मिरर’ के अनुसार, यह घटना जनवरी की है, लेकिन निधि को तब इसका पता नहीं चला था। मार्च में स्टॉक लेते हुए उन्होंने कई कपड़े गायब पाया था। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज चेक की और तब जाकर उन्हें पता चला कि तीनों ने करीब 2.25 लाख की 229 कुर्तियां चोरी की हैं। स्थानीय पुलिस विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दुकानों में चोरी घटनाएं आमतौर पर सामने आती रहती हैं। लेकिन, सिर्फ दो महिलाओं द्वारा ही सवा दो सौ से ज्यादा कुर्तियां गायब कर देने का यह अपने आप में एक विचित्र मामला है। बता दें कि सुरक्षा के लिहाज से ज्यादातर दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं।
Hindi News से जुड़े अपडेट और व्यूज लगातार हासिल करने के लिए हमारे साथ फेसबुक पेज और ट्विटर हैंडल के साथ गूगल प्लस पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App