जम्मू कश्मीर में एक हिंदू नाई के धार्मिक धर्मांतरण मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि पुलिस ने कुपवाड़ा जिले में 18 वर्षीय के एक नाई के कथित तौर पर इस्लाम धर्म अपनाने के लिए एक मामला दर्ज कर लिया है।

अधिकारियों के मुताबिक, नाई का काम करने वाले किशोर की पहचान विशाल के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के बिजनौर का रहने वाला है। अधिकारियों ने कहा, “कुपवाड़ा में कथित धार्मिक धर्मांतरण से जुड़ा एक मामला सामने आया है। मामले का संज्ञान लिया गया है, और कानून की संबंधित धाराओं के तहत एक FIR दर्ज की गई है।”

सैलून का काम सिखाने के बहाने ले गया- पिता

इधर बिजनौर में शिकायतकर्ता और विशाल के पिता कृष्ण कुमार ने वसीम पर आरोप लगाते हुए कहा, “मेरा बेटा नाबालिग है। काजीवाला परिवार के लियाकत के बेटे वसीम ने मेरे बेटे को सैलून का काम सिखाने के बहाने घर से ले गया था। पिछले तीन-चार सालों में वह समय-समय पर, हर छह से आठ माह के अंतराल पर घर आता रहता था। इस दौरान उसनें पैसे भी हमें दिए। हमें कभी कोई शक नहीं हुआ कि वह इतना बड़ा कदम उठाएगा।”

बेटा नाबालिग है- कृष्ण कुमार

कृष्ण कुमार ने आगे कहा, “हमें इसके बारे में 15 तारीख को पता चला। 15 तारीख को उसने इंस्टाग्राम के जरिए एक वीडियो भेजा जिसमें उसने बताया कि उसने इस्लाम धर्म अपना लिया है। कल हमने पुलिस अधीक्षक के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराई, मेरा बेटा 17 साल और 4 महीने का है।”

विशाल पिछले ढाई साल से मेरे बेटे के साथ नहीं- वसीम की मां

इन आरोपों को आरोपी वसीम की माँ मोहम्मदी ने गलत बताया और कहा, “यह सब गलत है। मेरा बच्चा कभी ऐसा कुछ नहीं कर सकता। मैं वसीम के लगातार संपर्क में हूँ। मेरे बच्चे पर ये झूठे आरोप हैं। विशाल पिछले ढाई साल से मेरे बेटे के साथ नहीं था।”

मामला दर्ज कर लिया गया- सीओ संग्राम सिंह

बिजनौर में कोतवाली नगर पुलिस स्टेशन के CO संग्राम सिंह ने कहा, “आज पुलिस स्टेशन में बहादुरपुर गांव के निवासी कृष्ण कुमार ने एक शिकायत पत्र दिया है। इसमें उन्होंने बताया है कि कुछ साल पहले, उनका बेटा विशाल, काजीपाड़ा के रहने वाले वसीम के साथ नाई का काम सीखने के लिए कश्मीर के कुपवाड़ा गया था। अब उन्हें पता चला है कि उनके बेटे ने धर्म परिवर्तन कर लिया है। इस जानकारी पर तत्काल कार्रवाई करते हुए, कानून की संबंधित धाराओं के तहत एक मामला दर्ज कर लिया गया है।”

साथ ही अधिकारियों ने कहा कि पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही बिना पुष्टि वाली जानकारी फैलाएं; उन्होंने यह भी बताया कि मामले की जांच चल रही है।

यह भी पढ़ें: यूपी: पीएम श्री स्कूल के 3 शिक्षक निलंबित, हिंदू छात्र-छात्राओं के बीच मजहबी गतिविधियां चलाने का आरोप

उत्तर प्रदेश के संभल जिले से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां के जालब सराय स्थित पीएम श्री सरकारी स्कूल में पदस्थापित तीन शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। इन सभी पर स्कूल के पढ़ने वाले हिंदू छात्र-छात्राओं के बीच मजहबी गतिविधियां चलाने का आरोप है। आरोप है कि निलंबित किए गए शिक्षक अंजर अहमद और मोहम्मद गुल एजाज ने हिंदू छात्राओं को हिजाब और छात्रों को इस्लामिक टोपी पहन कर स्कूल आने के लिए प्रोत्साहित किया। यही नहीं उन्होंने बच्चों को सरकारी स्कूल में मान्य प्रार्थना से पहले ‘लब पे आती है दुआ बनके तमन्ना मेरी’ गाने के लिए मजबूर भी किया। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें