कांग्रेस महासचिव और उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा ने अंकिता भंडारी हत्या मामले समेत विभिन्न मुद्दों पर राज्य की बीजेपी सरकार को घेरने का ऐलान किया है। कुमारी सैलजा ने शनिवार को कहा कि 27 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा का घेराव किया जाएगा।

सैलजा ने देहरादून में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि 27 अक्टूबर को विधानसभा का घेराव करने के साथ-साथ सदन के अंदर भी बड़े मुद्दों जैसे- भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, पलायन को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

सैलजा ने बताया कि इससे पहले 22 से 25 अक्टूबर तक कांग्रेस राज्य में न्याय यात्रा निकालेगी। इसमें विधानसभा क्षेत्रों में जनसंवाद के माध्यम से विभिन्न मुद्दे उठाए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि एक नवंबर को वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर दिल्ली में विशाल रैली की जाएगी जिसमें उत्तराखंड से भी बड़ी संख्या में कांग्रेस सदस्य शामिल होंगे।

दुष्यंत गौतम की नियुक्ति पर सवाल

सैलजा ने कहा कि अंकिता हत्याकांड में कथित ‘वीआईपी’ की भूमिका से जुड़े सवालों के बीच बीजेपी नेता दुष्यंत गौतम की सिक्किम के राज्यपाल के पद पर नियुक्ति से उत्तराखंड के लोग आहत हुए हैं। प्रभारी ने कहा कि न्याय मिलने तक यह लड़ाई जारी रखी जाएगी।

रेखा आर्य के पति का मुद्दा उठाया

प्रदेश प्रभारी ने उत्तराखंड की महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य से जुड़े विभागों में कथित वित्तीय अनियमितताओं से संबंधित उनके पति गिरिधारी लाल साहू के आरोपों को लेकर भी सवाल उठाए। सैलजा ने कहा कि उन आरोपों की जांच की जानी चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि मुख्यमंत्री और संबंधित विभागों को इन शिकायतों की जानकारी नहीं थी या फिर कार्रवाई जानबूझकर टाली गई?

सैलजा ने उत्तराखंड में सड़कों के बनने, सरकारी ठेकों और विकास कार्यों में भ्रष्टाचार, खनन माफिया को संरक्षण देने का आरोप लगाया और कहा कि उत्तराखंड की जमीन, प्राकृतिक संसाधन और सार्वजनिक धन जनता की संपत्ति हैं। उन्होंने कहा कि इनका इस्तेमाल चुनिंदा लोगों को लाभ पहुंचाने के बजाय प्रदेश के विकास के लिए होना चाहिए।

इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, सीडब्ल्यूसी के सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल, प्रदेश सह-प्रभारी मनोज यादव और सुरेंद्र शर्मा भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- अंकिता भंडारी के लिए न्याय की लड़ाई फिर तेज

सितंबर 2022 में ऋषिकेश के पास वनंतरा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करने वाली 19 वर्षीय अंकिता की हत्या कर दी गई थी। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।