कोलकाता नगर निगम ने पार्क सर्कस क्षेत्र में स्थित एक प्रमुख सड़क सुहरावर्दी एवेन्यू का नाम बदलकर गोपाल मुखर्जी रोड कर दिया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस कदम को ‘ऐतिहासिक गलती’ को सुधारने की दिशा में उठाया गया कदम बताया है। जबकि विपक्ष ने राज्य सरकार के इस कदम की आलोचना की है।

नगर निकाय ने यह फैसला शनिवार को किया और मुख्यमंत्री अधिकारी ने रविवार को सोशल मीडिया पर इसका नोटिफिकेशन शेयर किया।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि नगर निकाय का यह फैसला ‘ऐतिहासिक गलती’ को सुधारने में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि सड़क का नाम गोपाल मुखर्जी के नाम पर रखने से एक ‘सच्चे संरक्षक’ का सम्मान होगा, जिन्होंने हजारों बेगुनाह लोगों की जान बचाई थी।

विपक्ष ने क्या कहा?

विपक्षी नेताओं के मुताबिक, सुहरावर्दी एवेन्यू का नाम 1932 में हसन सुहरावर्दी के नाम पर रखा गया था, जो जाने-माने डॉक्टर और कलकत्ता विश्वविद्यालय के पहले मुस्लिम कुलपति थे।

नगर निगम के इस फैसले की कांग्रेस नेताओं पवन खेड़ा और जयराम रमेश, तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा और सीपीएम ने आलोचना की। सीपीएम ने अधिकारी सरकार पर ऐतिहासिक तथ्यों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया।

पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ”इन बीजेपी नेताओं को हसन सुहरावर्दी और हुसैन सुहरावर्दी के बीच का फर्क तक नहीं पता। उनकी जानकारी का स्तर ऐसा ही है।”

जयराम रमेश ने कहा कि हसन सुहरावर्दी कलकत्ता विश्वविद्यालय के कुलपति रहे थे और उनके बाद श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने यह पद संभाला था।

टीएमसी सांसद मोइत्रा ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ”सुहरावर्दी एवेन्यू का नाम हसन सुहरावर्दी के नाम पर रखा गया था, जो श्यामा प्रसाद मुखर्जी से पहले कलकत्ता विश्वविद्यालय के कुलपति थे। बीजेपी किस तरह की सस्ती राजनीति करने की कोशिश कर रही है? और क्या बंगाली लोग इस पर यकीन कर रहे हैं?”

मुस्लिम लीग के नेता थे हुसैन सुहरावर्दी

हुसैन सुहरावर्दी मुस्लिम लीग के नेता थे। वह 1946 के दंगों के दौरान बंगाल के प्रधानमंत्री थे और बाद में पाकिस्तान में भी उन्होंने यह पद संभाला था लेकिन कोलकाता की इस सड़क का नाम कभी भी हुसैन सुहरावर्दी के नाम पर नहीं रखा गया था। सुहरावर्दी एवेन्यू की सड़क पार्क सर्कस 7-पॉइंट क्रॉसिंग को डॉन बॉस्को सर्कल से जोड़ती है और इसे लेकर लंबे समय से विवाद होता रहा है। 

इस सड़क का नाम हुसैन सुहरावर्दी के नाम पर नहीं रखा गया था। सड़क का नाम उनके चाचा हसन सुहरावर्दी के नाम पर था। हसन सुहरावर्दी को बंगाल में शिक्षाविद और कला समीक्षक माना जाता है।

एक दशक पहले भी सोशल मीडिया पर यह मामला तब उठा था जब एक दक्षिणपंथी संगठन ने एक आर्टिकल पब्लिश किया था। इसमें लिखा था कि यह बेहद शर्म की बात है कि बंगाल के कसाई के नाम पर कोलकाता में एक सड़क का नाम रखा गया है। इस लेख में कहा गया था कि इस शहर में हुसैन सुहरावर्दी का सम्मान नहीं किया जाना चाहिए क्योंकि इस शख्स को 1940 के मध्य में हिंदुओं के खिलाफ बड़े पैमाने पर हुए अत्याचार, हिंसा और बेदखली का जिम्मेदार माना जाता है।

मार्च, 1933 के कलकत्ता म्युनिसिपल गैजेट के अनुसार, 8 मार्च, 1933 को कलकत्ता नगर निगम की एक बैठक में फैसला हुआ था कि पार्क सर्कस से कसाईपाड़ा लेन के जंक्शन तक बनाई गई नई 100 फुट चौड़ी सड़क का नाम ‘सुहरावर्दी एवेन्यू’ रखा जाएगा।

यह भी पढ़ें- बागी नेताओं के निशाने पर क्यों हैं अभिषेक बनर्जी?

टीएमसी में बगावत करने वाले अधिकतर विधायकों और सांसदों की नाराजगी ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी को लेकर है। इस बगावत ने टीएमसी के लिए वजूद का संकट पैदा कर दिया है और इससे अभिषेक बनर्जी की राजनीतिक चुनौतियां भी बढ़ गई हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।