scorecardresearch

Manish Sisodia Remand: मनीष सिसोदिया को 4 मार्च तक सीबीआई रिमांड में भेजा गया, जानिए मामले से जुड़े 10 बड़े अपडेट्स

Manish Sisodia Arrest : आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता दिल्ली में भाजपा कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन के लिए जमा हो रहे हैं।

Manish Sisodia | Delhi | AAP
रविवार को पूछताछ के लिए सीबीआई कार्यालय जाने से पहले राजघाट पर उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया। (Express Photo)

Manish Sisodia Arrest : कथित शराब आबकारी नीति मामले में दिल्ली स्थित राउज एवेन्यू कोर्ट ने दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सीएम को चार मार्च तक सीबीआई रिमांड में भेज दिया है। सीबीआई ने कोर्ट से मनीष सिसोदिया को पांच दिन की रिमांड पर देने की अपील की थी। सीबीआई ने कोर्ट से कहा था कि मनीष सिसोदिया जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं।

सीबीआई की इस अपील का मनीष सिसोदिया के वकीलों ने विरोध किया था। उनका कहना है कि सीबीआई के आरोप गलत हैं। इससे पहले आज मनीष सिसोदिया की गिरफ्तार के विरोध में आम आदमी पार्टी के कायकर्ताओं ने देशभर में विरोध प्रदर्शन किया। राजधानी नई दिल्ली में दिल्ली पुलिस ने बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को डिटेन किया है। आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता अपने पार्टी ऑफिस और सीबीआई दफ्तर के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे।

आइए आपको बताते हैं कि इस मामले में अब तक क्या कुछ हुआ, जानिए 10 पॉइंट्स में

  1. मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी को लेकर अरविंद केजरीवाल ने कहा ‘मुझे बताया गया है कि ज्यादातर सीबीआई अधिकारी मनीष की गिरफ्तारी के खिलाफ थे. वे सभी उनका बहुत सम्मान करते हैं और उनके खिलाफ कोई सबूत नहीं है। लेकिन उन्हें गिरफ्तार करने का राजनीतिक दबाव इतना अधिक था कि उन्हें अपने राजनीतिक आकाओं की बात माननी पड़ी’
  2. अरविंद केजरीवाल के बयान का पलटवार करते हुए दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल इस तरह की फर्जी खबरें ना फैलाएं, कानून अपना काम कर रहा है। मनोज तिवारी ने कहा कि आप (अरविंद केजरीवाल) जो लिखते हैं वो मनगढ़ंत होता है।
  3. आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव संदीप पाठक ने कहा कि वे आज पूरे देश में विरोध प्रदर्शन करेंगे। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। दिल्ली पुलिस ने आप के प्रोटेस्ट कॉल के बाद हाईअलर्ट जारी किया है।
  4. दिल्ली पुलिस ने सीबीआई मुख्यालय सहित राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में पुलिस बल की तैनाती की है। भाजपा कार्यालय पर भी पुलिस तैनात की गयी है।
  5. सीबीआई ने रविवार को 8 घंटे की लंबी पूछताछ के बाद दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को गिरफ़्तार कर लिया था। अरविंद केजरीवाल ने उनकी गिरफ्तारी का विरोध करते हुए कहा था कि वह बेकसूर हैं और उन्हें साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।
  6. रविवार को सीबीआई ऑफिस पहुँचने से पहले मनीष सिसोदिया राजघाट पहुंचे थे। यहाँ उन्होने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा था कि वह 7-8 महीने जेल में रह सकते हैं, लेकिन झूठे और मनगढ़ंत मामलों से डरने वाले नहीं हैं। 
  7. मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान देर शाम उनके परिवार से मिलने दिल्ली स्थित आवास पर पहुंचे थे।
  8. दिल्ली सहित देशभर में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता गिरफ्तारी का विरोध कर रहे हैं। दिल्ली के कई इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिल्ली पुलिस सतर्क दिखाई दे रही है।
  9. विरोध प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने कहा कि गिरफ्तारी का कड़ा विरोध जारी है। संजय सिंह न कहा कि एक ऐसे इंसान को गिरफ्तार किया गया है जो बच्चों के भविष्य के लिए लड़ रहा है।
  10. मनीष सिसोदिया को आज कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 5 दिन की सीबीआई रिमांड में भेज दिया गया।

पढें राज्य (Rajya News) खबरें, ताजा हिंदी समाचार (Latest Hindi News)के लिए डाउनलोड करें Hindi News App.

First published on: 27-02-2023 at 12:36 IST
अपडेट