पॉपुलर यू ट्यूबर फैजल खान उर्फ खान सर के चाचा निसार अहमद ने कहा है कि उनके भतीजे को कुछ नहीं आता। फैजल खान ने अपने कोचिंग इंस्टिट्यूट में फायरिंग होने का आरोप लगाया था लेकिन इस मामले में सामने आए वीडियो में उनके इंस्टिट्यूट के सुरक्षा गार्ड्स ही गोली चलाते हुए दिखाई दिए थे।

सुरक्षा गार्ड्स के बयानों के आधार पर पटना पुलिस ने खान सर के खिलाफ हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की थी।

फैजल खान पटना के मुसल्लाहपुर इलाके में ‘खान ग्लोबल कोचिंग इंस्टीट्यूट’ चलाते हैं।

खान सर के चाचा निसार अहमद ने एफआईआर दर्ज होने के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में न्यूज एजेंसी IANS से कहा, ‘वह यहीं मिशन स्कूल में पढ़ा हुआ है, उसके पास कोई खास डिग्री नहीं है, सब फर्जी इधर-उधर से जुड़ाकर, वह बोलने में माहिर है और उसी की रोटी खाता है।’ निसार अहमद उत्तर प्रदेश के देवरिया में रहते हैं।

निसार अहमद ने कहा कि शुरुआत में उसका स्वभाव ठीक था लेकिन बाद में दुनियादारी के चक्कर में पड़कर वह बर्बाद हो गया। उन्होंने कहा कि उसे कुछ नहीं आता है और लोगों को अपनी भाषा शैली से बेवकूफ बना रहा है।

दबंगई वाला है खान सर का नेचर

निसार अहमद ने कहा कि ऐसा सुनने में आया है कि ज्ञान बिंदु एकेडमी के निदेशक रौशन आनंद ने अपने पोस्टर-बैनर लगाए थे लेकिन खान सर ने उसके ऊपर अपने पोस्टर चिपकवा दिए और इसी के बाद यह बवाल बढ़ गया। निसार अहमद ने यह भी कहा कि खान सर का नेचर दबंगई वाला है।

इसके अलावा, खान सर के कोचिंग इंस्टिट्यूट में फायर सेफ्टी को लेकर कुछ गड़बड़ियों की बात सामने आई है। बिहार फायर सर्विस विभाग की ओर से कहा गया है कि खान ग्लोबल स्टडीज को एक हफ्ते का समय दिया गया है। एक हफ्ते में अगर मानकों को पूरा नहीं किया जाता है, तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फायरिंग की घटना को लेकर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें खान सर के दोनों सुरक्षा गार्ड्स गोली चलाते हुए दिखाई दे रहे हैं। ये सुरक्षा गार्ड उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के प्रदीप कुमार (38) और कासगंज जिले के तालेबर सिंह (34) हैं।

खान सर की पटना पुलिस को तलाश

बिहार की राजधानी पटना में एजुकेटर और यूट्यूबर फैजल खान उर्फ खान सर पर केस दर्ज होने के बाद पुलिस को सरगर्मी से उनकी तलाश है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।