बिहार की राजधानी पटना में ‘खान सर’ के कोचिंग इंस्टीट्यूट में कथित तोड़फोड़ और पथराव के मामले में ताजा अपडेट सामने आया है। गुरुवार को पटना पुलिस ‘खान सर’ के कोचिंग इंस्टीट्यूट में पहुंची और उनके दो गार्ड्स को अपने साथ ले गई।
इस मामले में दो नए वीडियो सामने आए हैं। एक वीडियो में दावा किया जा रहा है कि ‘खान सर’ के गार्ड्स ने फायरिंग की थी। बताया जा रहा है कि यह वीडियो 2 जून की रात का है और उसी रात ‘खान सर’ के कोचिंग इंस्टीट्यूट पर हमला हुआ था।
फायरिंग के वीडियो में दिखाई दे रहा है कि दो लोग गोली चला रहे हैं। पुलिस ने इस संबंध में आसपास के लोगों से भी जानकारी ली है। इससे पहले इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों में एक प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान का निदेशक भी शामिल है।
क्या हुआ था?
पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित ‘खान ग्लोबल कोचिंग इंस्टीट्यूट’ में मंगलवार रात कुछ असामाजिक तत्वों ने कथित तौर पर तोड़फोड़ और पथराव किया था। ‘खान सर’ ने शुरुआत में दावा किया था कि संस्थान पर गोलीबारी भी हुई थी लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की। बाद में खान सर ने कहा कि जांच के बाद ही पता चलेगा कि वास्तव में क्या हुआ था।
पुलिस अधीक्षक (शहर) कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, “मंगलवार रात लगभग 10:10 बजे कदमकुआं थाना क्षेत्र में ‘खान ग्लोबल कोचिंग इंस्टीट्यूट’ में पथराव और संपत्ति को नुकसान पहुंचाए जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।”
पुलिस के मुताबिक, ‘खान ग्लोबल कोचिंग इंस्टीट्यूट’ के प्रबंधक कन्हैया कुमार सिंह की लिखित शिकायत के आधार पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी।
बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि वह इस मामले में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से बात करेंगे और ऐसी घटनाएं फिर से ना हो, इसके लिए नीति तैयार की जाएगी। जेडीयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य संजय झा ने कहा था कि बिहार सरकार आपराधिक मामलों में किसी भी तरह की नरमी नहीं बरतेगी और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
खान सर ने मांगी पुलिस सुरक्षा
बिहार के पटना में खान सर की कोचिंग पर हमला हुआ है। पटना के मुसल्लाहपुर हाट के पास कोचिंग इंस्टीट्यूट के बाहर फायरिंग की खबर के बाद शिक्षक खान सर ने राज्य सरकार से पुलिस सुरक्षा की मांग की। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
