बिहार के शिक्षक रोशन आनंद को पटना स्थित खान ग्लोबल कोचिंग इंस्टीट्यूट में तोड़फोड़ के मामले में सोमवार को जमानत मिल गयी। जेल से निकलते ही रोशन आनंद ने खान सर पर निशाना साधते हुए कहा कि फैजल खान ने मेरे भाई की हत्या कराई है। हालांकि, 2 जून की हिंसा के मामले में आरोपी प्रिंस यादव की बॉडी के प्रारंभिक पोस्टमार्टम में किसी भी तरह की गड़बड़ी के संकेत नहीं मिले हैं।
इंडियन एक्सप्रेस को मिली जानकारी के अनुसार , विसरा सैंपल आगे की फॉरेंसिक जांच के लिए काठमांडू भेजे गए हैं। नेपाल पुलिस सूत्रों के अनुसार, बीरतनगर में किए गए पोस्टमार्टम में किसी तरह की गड़बड़ी का कोई सबूत नहीं मिला। सूत्रों ने बताया कि पोस्टमार्टम में दिल से संबंधी समस्या पाई गई लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि इसका मृत्यु से कोई संबंध है या नहीं। विसरा रिपोर्ट आने वाले दिनों में मिलने की उम्मीद है।
प्रिंस यादव की मौत
खबरों के मुताबिक, प्रिंस यादव अपने चार दोस्तों के साथ बिहार सीमा के पास स्थित बीरतनगर गए थे और अपनी मौत से कुछ दिन पहले एक होटल में ठहरे थे। पुलिस ने बताया कि उन्हें बेचैनी महसूस हुई जिसके बाद उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। जांच के तहत बिहार के सहरसा जिले के निवासी चारों साथियों से पूछताछ की गई।
रोशन आनंद ने लगाया फैजल खान पर आरोप
प्रिंस के भाई और ज्ञान बिंदु कोचिंग इंस्टीट्यूट के निदेशक रोशन आनंद ने 24 वर्षीय प्रिंस की मौत के पीछे साजिश का आरोप लगाते हुए यह दावा किया था कि जेल में बंद रहने के दौरान उन पर 2 जून की हिंसा से जुड़े विवाद में समझौता करने का दबाव डाला गया था। 15 जून को जमानत पर रिहा होने के कुछ ही समय बाद रोशन ने आरोप लगाया कि खान ग्लोबल स्टडीज (केजीएस) से जुड़े दो सुरक्षा गार्डों ने जेल में रहते हुए उन पर समझौता करने का दबाव डालने की कोशिश की थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि हिरासत में उनकी हत्या की साजिश रची गई थी। रोशन ने आरोप लगाया कि उन्हें 13 जून को चेतावनी मिली थी कि अगर वे समझौता नहीं करते हैं तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
फैजल खान का नार्को टेस्ट होना चाहिए- रोशन आनंद
रोशन आनंद ने कहा कि फैजल खान और किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक आरएस प्रसाद ने मिलकर मेरे भाई का मर्डर कराया है। उन्होंने कहा कि जेल जाते ही साजिश के तहत उसकी जान ली गई है। रोशन ने कहा कि फैजल खान बहुत झूठ बोलता है, उसका नार्को टेस्ट होना चाहिए। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
