जम्मू-कश्मीर के विधानसभा सत्र की शुरुआत हो गई है। सत्र काफी हंगामेदार रहा है। नेशनल कॉन्फ्रेंस और महबूबा मुफ्ती की पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) के विधायकों ने सदन में “इजरायल मुर्दाबाद” के नारे लगाए। ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर के समर्थन में बैनर भी लहराए गए। भाजपा विधायकों ने इसका विरोध किया।

सदन के अंदर विधायकों द्वारा खामेनेई की तस्वीरें दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया गया। बीजेपी के विधायक “भारत माता की जय” के नारे लगाते रहे, जबकि कुछ विधायकों ने “अमेरिका हाय-हाय” के नारे भी लगाए। एबीपी न्यूज़ की रिपोर्ट के मुताबिक, नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक तनवीर सादिक ने काले कपड़े पहन रखे थे और ईरान के खिलाफ हो रही कार्रवाई का विरोध कर रहे थे।

मार्शलों की लेनी पड़ी मदद

इस बवाल की वजह से 20 से 25 मिनट के अंदर ही जम्मू-कश्मीर विधानसभा की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। मार्शलों की भी मदद लेनी पड़ी। सत्र के दौरान भाजपा और कांग्रेस के विधायक भी आमने-सामने आ गए थे। “पीएम नरेंद्र मोदी जिंदाबाद” और “राहुल गांधी जिंदाबाद” के नारे लगाए जा रहे थे। मामूली झड़प भी देखने को मिली, जिसके चलते हालात संभालने के लिए मार्शलों को बीच-बचाव करना पड़ा।

ईरान-इजरायल युद्ध का असर भारत की राजनीति पर दिखने लगा है। विपक्ष का आरोप है कि इजरायल के प्रति झुकाव दिखाकर सरकार ने ईरान के साथ अन्याय किया है। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने तो इसकी आलोचना की थी। दूसरी तरफ इसी युद्ध की वजह से देश में एलपीजी संकट भी शुरू हो चुका है। कई राज्यों में पेट्रोल-डीजल को लेकर भी लंबी लाइनें लग रही हैं। पूरी खबर के लिए यहां क्लिक करें