कर्नाटक सरकार के मंत्री के.एच. मुनियप्पा ने शुक्रवार को विभागों के आवंटन को लेकर नाराजगी जाहिर की है। इससे पहले वरिष्ठ नेता रामालिंगा रेड्डी ने इसी मुद्दे पर कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया था।

डीके शिवकुमार ने 3 जून को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी लेकिन दो दिन के भीतर ही दो बड़े नेताओं के द्वारा पोर्टफोलियो के बंटवारे को लेकर नाराजगी जताने से कांग्रेस काफी मुश्किल में फंस गई है।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी बेंगलुरु में ही हैं। राहुल गांधी ने बेंगलुरु में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ बातचीत कर असंतोष को दूर करने की कोशिश की है।

क्या कहा मुनियप्पा ने?

मुनियप्पा ने कहा कि वरिष्ठता का उचित सम्मान नहीं किया गया है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से विभागों के आवंटन पर पुनर्विचार करने की अपील की। मुनियप्पा को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग सौंपा गया है, जबकि वह समाज कल्याण या कृषि विभाग चाहते थे।

मुनियप्पा ने संवाददाताओं से कहा, ”वरिष्ठता का ध्यान नहीं रखा गया है। रामलिंगा रेड्डी आठ बार विधायक चुने गए हैं। मैं भी आठ बार विधायक चुना गया हूं। अन्य नेता भी हैं जो सात, छह और पांच बार विधायक रहे हैं। इन सभी बातों को संतुलित तरीके से देखा जाना चाहिए।”

खड़गे से की अपील

मुनियप्पा ने मल्लिकार्जुन खड़गे से अपील की कि वह यह सुनिश्चित करें कि अनुभवी नेताओं के साथ एक जैसा व्यवहार किया जाए। मुनियप्पा ने कहा कि उन्होंने ऐसे विभागों की मांग की थी जिनके जरिये वह बड़े स्तर पर लोगों की सेवा कर सकें और उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं पहले ही पार्टी नेतृत्व को बता दी थीं।

मुनियप्पा ने कहा कि उन्होंने राहुल गांधी से अनुरोध किया था कि उन्हें लोगों की सेवा के लिए समाज कल्याण विभाग और कृषि विभाग दिए जाएं।

मुनियप्पा ने मुख्यमंत्री शिवकुमार और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बी.के. हरिप्रसाद से वरिष्ठ नेताओं को विश्वास में लेकर विभागों के आवंटन की समीक्षा करने का आग्रह किया। मुनियप्पा ने कहा, ”मेरा राजनीतिक जीवन 50 वर्षों का है। मैंने इस दौरान पार्टी के जमीनी कार्यकर्ता के रूप में काम किया है। मैं केवल यह अनुरोध कर रहा हूं कि असंतुलन को दूर किया जाए।”

मुनियप्पा ने भरोसा जताया कि पार्टी नेतृत्व इन चिंताओं का समाधान करेगा। मुनियप्पा ने कहा कि इस तरह का कदम कांग्रेस को 2028 के विधानसभा चुनाव में दोबारा सत्ता में लौटने में मदद करेगा।

कौन हैं कर्नाटक कांग्रेस के नए अध्यक्ष बीके हरिप्रसाद?

कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता बीके हरिप्रसाद को कर्नाटक में नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। हरिप्रसाद ने डीके शिवकुमार की जगह ली है, जो राज्य के नए मुख्यमंत्री बने हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।