पुणे के बंद पड़े वाटर प्यूरीफिकेशन प्लांट से कैरोसीन गैस लीक होने की खबर है। इस हादसे में 24 लोगों की तबीयत बिगड़ी है और उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। गुरुवार देर रात क्लोरीन टैंक से गैस का रिसाव हुआ था। रिसाव के तुरंत बाद ही लोगों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी। स्थानीय लोगों की शिकायत पर मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और स्थिति पर नियंत्रण पाया गया।

वाटर प्यूरीफिकेशन प्लांट के लीक हुए टैंक को बंद कर दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक सभी लोग खतरे से बाहर हैं और ससून जनरल अस्पताल में उन्हें निगरानी में रखा गया है। एक अधिकारी ने हादसे की जानकारी देते हुए कहा कि गैस रिसाव से आसपास के निवासियों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी।

सूचना मिलते ही दमकल कर्मियों को मौके पर भेजा गया। कई नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया और सुरक्षा उपकरणों की सहायता से रिसाव वाले टैंक की मरम्मत की गई।

पहले भी सामने आए गैस रिसाव के मामले

पिछले साल भोपाल के गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया से बुधवार को क्लोरीन गैस के रिसाव का मामला सामने आया था। यहां पर फैक्ट्री में क्लोरीन गैस के रिसाव से कई लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत हुई थी। इसके अलावा गुजरात के पंचमहल जिले के घोघम्बा तालुका में Gujarat Fluorochemical Limited (GFL) कंपनी में बॉयलर फटने की वजह से भी गैस रिसाव हुआ था। उस हादसे में पांच मजदूर गंभीर रूप से जल गए थे।

ये भी पढ़ें- बीजेपी नेता मनोज सिंह के भांजे की हत्या