केरलम में पतनमथिट्टा जिले के अदूर में कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) के युवा कार्यकर्ताओं के बीच कई जगह झड़पें हुईं। इसके बाद पुलिस ने पलक्कड़ के पूर्व विधायक राहुल ममकूटाथिल समेत कई लोगों के खिलाफ तीन मामले दर्ज किए हैं। पुलिस ने बताया कि केरल छात्र संघ (केएसयू), युवा कांग्रेस, स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) और डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (डीवाईएफआई) के कार्यकर्ताओं के खिलाफ तीन मामले दर्ज किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार शनिवार को अदूर के ‘कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग’ में छात्र संघ के चुनाव के बाद तनाव शुरू हुआ था। इसके बाद दिल्ली में माकपा नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में एसएफआई और डीवाईएफआई कार्यकर्ताओं ने अदूर में एक रैली निकाली, जिससे तनाव और बढ़ गया। पुलिस ने बताया कि पहला मामला शनिवार शाम करीब सात बजे विरोध रैली के दौरान एझामकुलम में दवाइयों की एक दुकान के सामने केएसयू के दो नेताओं पर कथित हमले से जुड़ा है।
एसएफआई और डीवाईएफआई के कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी मामला दर्ज
अधिकारियों के अनुसार, इस घटना के सिलसिले में एसएफआई और डीवाईएफआई के सात कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि दूसरी घटना रात 10 बजकर 50 मिनट पर अदूर के सरकारी अस्पताल में हुई, जहां राहुल ममकूटाथिल के नेतृत्व में युवा कांग्रेस और केएसयू के करीब 25 कार्यकर्ताओं के एक समूह ने एसएफआई के दो कार्यकर्ताओं पर कथित तौर पर हमला किया। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में ममकूटाथिल और युवा कांग्रेस एवं केएसयू के 26 अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। तीसरा मामला रात करीब साढ़े 11 बजे अदूर के एक निजी अस्पताल में एसएफआई कार्यकर्ताओं द्वारा युवा कांग्रेस के एक कार्यकर्ता पर कथित हमले से जुड़ा है।
पुलिस ने बताया कि युवा कांग्रेस का कार्यकर्ता झड़प में घायल केएसयू के एक कार्यकर्ता से मिलने अस्पताल पहुंचा था। पुलिस के अनुसार शनिवार रात अदूर के अन्य हिस्सों से भी मामूली झड़पों की खबरें मिलीं। पुलिस ने बताया कि तनाव कम करने और आगे झड़पें रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं। कांग्रेस ने पलक्कड़ से तत्कालीन विधायक राहुल ममकूटाथिल को पिछले साल यौन उत्पीड़न के आरोप लगने के बाद पार्टी से निलंबित कर दिया था। इन आरोपों के बाद उन्होंने युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद से भी इस्तीफा दे दिया था। पुलिस ने बताया कि ममकूटाथिल के खिलाफ यौन उत्पीड़न के कई मामले दर्ज किए गए थे और उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था।
यह भी पढ़ें: ‘लड़ाई चेलों से क्यों करनी, आमने-सामने की होनी चाहिए…’, CM योगी ने अखिलेश यादव के चैलेंज को किया स्वीकार
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव का अयोध्या से चुनाव लड़ने का चैलेंज स्वीकार कर लिया है। अखिलेश यादव ने खुद योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से चुनाव लड़ने के लिए चैलेंज दिया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बलरामपुर में 803 करोड़ रुपये से अधिक की लागत की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करने के लिए पहुंचे थे। यहीं पर उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव को अयोध्या से नामांकन करने के लिए कहा। पढ़िए पूरी खबर…
