कर्नाटक: आरएसएस कार्यकर्ता पर चाकू से हमले के बाद तनाव, बढ़ाई गई सुरक्षा
आरएसएस कार्यकर्ता पर चार जुलाई की रात को उस समय हमला हुआ था जब वह बीसी रोड पर अपनी लाउंड्री शाप के बाद घर जा रहे थे।

दक्षिण कन्नड़ जिले के बंतवाल में अज्ञात समूह द्वारा कथित रूप से चाकू से हमले में घायल आरएसएस के एक कार्यकर्ता की यहां एक निजी अस्पताल में मृत्यु हो गयी। इसके बाद पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा बढा दी है। बंतवाल के पास कंदूर के निवासी शरद मादीवाला (28) चार जुलाई को हमले के बाद अस्पताल में तीन दिन से मौत से लड़ रहे थे। अस्पताल सूत्रों ने कहा कि कल शाम उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर सुनकर बडी संख्या में आरएसएस नेता और कार्यकर्ता अस्पताल में एकत्रित हुए।
आरएसएस कार्यकर्ता पर चार जुलाई की रात को उस समय हमला हुआ था जब वह बीसी रोड पर अपनी लाउंड्री शाप के बाद घर जा रहे थे। स्थानीय लोगों द्वारा पास के एक अस्पताल में ले जाने के बाद उन्हें बाद में शहर के एक निजी अस्पताल में स्थानान्तरित किया गया था।
निषेधाज्ञा आदेशों के बावजूद हिन्दू संगठनों और भाजपा ने कल हमले के विरोध में बंतवाल में प्रदर्शन किया था। सांसद नलिन कुमार कतील और शोभा करंधलाजी सहित भाजपा नेताओं को प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किया गया था और बाद में रिहा किया गया था। पुलिस ने कहा कि कार्यकर्ता की मौत के बाद सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील जिले में सुरक्षा बढा दी गई।
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन, टेलीग्राम पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App। Online game में रुचि है तो यहां क्लिक कर सकते हैं।