Karnataka BJP BY Vijayendra: कर्नाटक बीजेपी के अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने राज्य की कांग्रेस सरकार को चेतावनी दी है। विजयेंद्र ने कहा कि अगर राज्य सरकार ने फॉर्म-7 जमा करने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने पर रोक नहीं लगाई तो बीजेपी थानों और जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) के कार्यालयों का घेराव करेगी।

कर्नाटक बीजेपी के सह-प्रभारी के. वेंकटेश की मौजूदगी में हुई बीजेपी की कोर कमेटी की बैठक के बाद विजयेंद्र ने पत्रकारों से बात की।

विजयेंद्र ने बताया कि बैठक में कई प्रमुख मुद्दों पर चर्चा हुई जिनमें एसआईआर फॉर्म-7, राज्य सरकार की ओर से स्थायी निवास प्रमाणपत्र (पीआरसी) जारी करना, उपचुनाव और आने वाले जिला पंचायत व तालुक पंचायत चुनाव शामिल हैं।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि कर्नाटक की कांग्रेस सरकार एसआईआर फॉर्म-7 को लेकर भ्रम फैला रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार फॉर्म जमा करने वाले बीजेपी कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके पुलिस तंत्र का दुरुपयोग किया जा रहा है। विजयेंद्र ने कहा कि कर्नाटक हाई कोर्ट ने इस मामले पर राज्य सरकार को फटकार लगाई है।

बीजेपी चुप नहीं बैठेगी- विजयेंद्र

विजयेंद्र ने कहा, “इसके बावजूद अगर सरकार बीजेपी कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करना जारी रखती है, तो पार्टी चुप नहीं बैठेगी। कोर कमेटी ने फैसला किया है कि संबंधित पुलिस थानों और जिलों के पुलिस अधीक्षकों के कार्यालयों का घेराव किया जाएगा।”

बीजेपी नेता ने कहा है कि स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारी के लिए हर जिले में प्रभारी नियुक्त करने और चुनाव प्रबंधन समितियां बनाने का भी फैसला किया गया है।

कर्नाटक में चल रही एसआईआर प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में फॉर्म-7 आवेदन जमा किए जाने को लेकर विवाद खड़ा हुआ है। फॉर्म-7 का मुद्दा राज्य में बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव का प्रमुख विषय बन गया है।

कर्नाटक हाई कोर्ट ने लगा दी थी रोक

कर्नाटक हाई कोर्ट ने बेंगलुरु के मल्लेश्वरम विधानसभा क्षेत्र में फॉर्म-7 के जरिए मतदाता सूची से नाम हटाने के मामलों में बीजेपी के दो बूथ-स्तरीय एजेंटों (बीएलए) – जीएस वसंतलक्ष्मी और दीपक सिंह आर – के खिलाफ दर्ज एफआईआर और जांच पर अंतरिम रोक लगा दी थी।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया था कि बीएलए ने मल्लेश्वरम विधानसभा क्षेत्र में चल रही एसआईआर प्रक्रिया के दौरान वोटर लिस्ट से पात्र मतदाताओं को हटाने के लिए कई फर्जी आवेदन जमा किए हैं।

यह भी पढ़ें- ‘ज्ञानेश कुमार के पास ऐसी क्या जानकारी है जो सरकार उन्हें बचा रही?’ 

दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं ने रिहाई के बाद आरोप लगाया कि शनिवार को विमान से उन्हें अगवा कर लिया गया था। सौरव दास ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि पूरा देश आपातकाल जैसी स्थिति का सामना कर रहा है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।