सावन के पावन महीने में चल रही कांवड़ यात्रा के बीच उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से एक सुखद खबर सामने आई है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर दिल्ली लौट रही एक महिला कांवड़िया ने रास्ते में जुड़वां बेटों को जन्म दिया। समय पर पुलिस और डॉक्टरों की मदद मिलने से मां और दोनों नवजात सुरक्षित हैं।
पुलिस के अनुसार, महिला की पहचान नेहा के रूप में हुई है। वह हरिद्वार से गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली लौट रही थीं। इसी बीच उन्हें अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। सूचना मिलते ही मुजफ्फरनगर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
मां और बच्चे स्वस्थ
पुलिस ने बताया कि एसपी सिटी अमृत जैन और सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महिला को बिना देर किए अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों की टीम ने तत्काल इलाज शुरू किया और सुरक्षित प्रसव कराया।
अस्पताल में नेहा ने जुड़वां बेटों को जन्म दिया। दोनों नवजातों के नाम कार्तिक और गंगेश रखे गए हैं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, मां और दोनों बच्चे स्वस्थ हैं तथा चिकित्सकीय निगरानी में हैं।
एसएसपी भी हालचाल जानने पहुंचे अस्पताल
मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार भी जिला अस्पताल पहुंचे और महिला व दोनों नवजातों का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि महिला की उम्र लगभग 30 वर्ष के आसपास है और फिलहाल मां व दोनों बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं।
पुलिस ने कहा कि सावन माह की कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और हर संभव सहायता उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है, ताकि सभी श्रद्धालु अपनी यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से पूरी कर सकें।
यह भी पढ़ें: ‘क्या मेरे बेटे की वजह से हारी कांग्रेस…’, सिद्धू मूसवाला के पिता ने राजा वड़िंग पर बोला हमला
पंजाब के जाने-माने दिवंगत गायक शुभदीप सिंह सिद्धू उर्फ सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पर निशाना साधा है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
