Kanpur Bank Employee Row: कानपुर बैंक कर्मचारी विवाद लगातार बढ़ता ही जा रहा है। बैंक में हुई बहस जिसने वीडियो वायरल होने पर जातिवाद का रूप ले लिया पर आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है। पहले बैंककर्मी आस्था सिंह जो विवाद का केंद्र हैं ने अपना पक्ष रखा। अब ऋतु त्रिपाठी जिनकी वजह से विवाद हुआ है ने अपना पक्ष रखा। उन्होंने मामले में आस्था के सारे आरोपों को गलत बताया।

‘मुझे ब्राहमण होने पर गर्व है’

साथ ही यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद उनके पति को धमकी मिल रही है। अगर उन्हें कुछ भी होता है, तो उसकी जिम्मेदार ‘ठाकुर गर्ल’ होंगी। न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए उक्त निजी बैंक की पूर्व कर्मचारी ऋतु त्रिपाठी ने कहा – “मेरे परिवार के साथ गाली-गलौज की गई। मेरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई… किसी ने उनसे उनकी जाति नहीं पूछी। वह झूठ बोल रही हैं कि हमने उनकी जाति पूछी।”

ऋतु कहती हैं – उन्होंने मेरे पति, जो बैंक के कस्टमर भी हैं, को ‘ठोक दूंगी’ कहकर हमें धमकाया। मेरे पति ने बैंक में या उसके बाहर किसी के साथ गाली-गलौज नहीं की… उन्होंने दावा किया कि मेरा परिवार वीडियो फैलाने में शामिल था, जो बिल्कुल गलत है। मैं अब बैंक में काम नहीं कर रही हूं। मुझे सिर्फ ब्राह्मणों से नहीं, बल्कि सभी से सपोर्ट चाहिए… मुझे लगता है कि वह वायरल होना चाहती थीं, इसीलिए वीडियो फैलाया गया…। मुझे ब्राहमण होने पर गर्व है, यह कोई गुनाह नहीं है।”

इधर, आस्था सिंह ने कहा, “… इस घटना को गलत तरीके से पेश किया गया है और यह किसी कस्टमर से जुड़ी नहीं है। मामला मेरी कलीग के पति से जुड़ा है, जिसने मेरे साथ बुरा बर्ताव किया, और यह वीडियो उस बर्ताव पर मेरा जवाब था। मैंने अपनी जाति सिर्फ इसलिए बताई क्योंकि मुझसे पूछा गया था। मैं ठाकुर हूं और मुझे इस पर गर्व है। बदकिस्मती से, मामले को अलग रंग दिया जा रहा है। जिस कलीग का मैं जिक्र कर रही थी, वह ब्राह्मण है। मैं जरूर लीगल एक्शन लूंगी, क्योंकि इससे सोशल मीडिया पर मेरी इमेज खराब हुई है…”

दरअसल, बीते दिनों एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा था। वीडियो में आस्था सिंह बैंक के अंदर किसी से बहस करती दिख रही थी। वीडियो के संबंध में ऐसा दावा किया जा रहा था कि यह बहस किसी ग्राहक के साथ हो रही थी। हालांकि, आस्था ने खुद सामने आकर अपना पक्ष रखा और बताया कि विवाद किस बात की थी। उन्होंने बताया कि यह मामला 6 जनवरी का है।

वायरल वीडियो में आस्था को गालियां देते हुए देखा गया, जिससे नॉन प्रोफेशनल बिहेवियर और जाति-आधारित अहंकार पर एक नई बहस छिड़ गई थी। वायरल क्लिप में आस्था को हिंसक तरीके से लैपटॉप तानकर धमकाते हुए दिखाया गया है। क्लिप में आस्था ने कथित तौर पर कहा, “मैं एक ठाकुर हूं, मेरे साथ खिलवाड़ मत करो।” उन्होंने गालियां भी दी थीं। मूल विवाद इसी बात पर है। एक आम सी बहस को जाति के रंग में रंगा जा रहा है। सोशल मीडिया पर जमकर बहस हो रही है।

‘केवल एक ही पक्ष दिखाया गया’, कानपुर की VIRAL बैंककर्मी ने दी सफाई, बताया क्यों बैंक के अंदर मचा था हंगामा