Delhi Janakpuri Biker Death News: नोएडा में इंजीनियर की मौत का मामला शांत भी नहीं हुआ कि अब राजधानी दिल्ली में जल बोर्ड की ओर से खोदे गए गड्ढे में गिरने से एक युवक की मौत हो गई। अपने बच्चे को खोने से कमल ध्यानी की मां पूरी तरह टूट गई हैं। शांति ध्यानी ने कहा कि वो बोलकर गया था कि मम्मी अच्छे से एनिवर्सिरी मनाना। वो समान रखकर भी गया था। लेकिन वो वापस नहीं लौटा।

समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कमल ध्यानी की मां शांति ध्यानी ने कहा, “मेरा बेटा उन्हें ढूंढने गया था, लेकिन नहीं मिला। पुलिस भी उन्हें नहीं ढूंढ पाई। फिर सुबह किसी ने उसका फोन उठाया और हमें बताया कि वह गड्ढे में गिर गया है। कल वो कह रहा था कि मम्मी अच्छे से और धूमधाम से एनिवर्सिरी मनाना। सब कुछ सामान लेकर रखकर चला गया था। कल मेरी छुट्टी है। फिर वो वापस ही नहीं आया। हमारा लड़का पुलिस स्टेशन गया था। हम न्याय की मांग करते हैं।

मेरे भाई का फोन चालू था- मयंक ध्यानी

ध्यानी के बड़े भाई मयंक ध्यानी ने आखिरी बार कमल ध्यानी से बात की थी। उन्होंने बताया, “वह रोहिणी में नाइट शिफ्ट में काम कर रहा था। वह वापस लौट रहा था। जनकपुरी पहुंचने पर मैंने उससे बात की। उसने बताया कि वह जनकपुरी पहुंच गया है और 10 मिनट में घर पहुंच जाएगा। वह दिल्ली जल बोर्ड द्वारा खोदे गए उस गड्ढे में गिर गया। हमने पूरी रात उसकी तलाश की। पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उसे बचाया जा सकता था। उसका फोन चालू था। हमारी कॉल लग रही थीं। सुबह करीब 9:30 बजे एक व्यक्ति ने फोन उठाया, हमें बताया कि एक दुर्घटना हुई है और हमें घटनास्थल की जानकारी दी।”

नरेश चंद ने अधिकारियों को ठहराया दोषी

मृतक के पिता नरेश चंद ने इस लापरवाही के लिए सीधे तौर पर अधिकारियों को दोषी ठहराया। उन्होंने कहा, “यह दिल्ली जल बोर्ड और प्रशासन की गलती है। कुछ दिन पहले तक उस जगह पर कोई गड्ढा नहीं था।”

दिल्ली पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

दिल्ली पुलिस ने जनकपुरी थाने की बीएनएस धारा के तहत एक ठेकेदार और दिल्ली जल बोर्ड के संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि जांच को प्राथमिकता के आधार पर चलाया जा रहा है और आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

राहुल गांधी और केजरीवाल ने सरकार पर बोला हमला

इस मामले पर सियासत भी देखने को मिल रही है। लोकसभा मे विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “भारत में व्याप्त लालच और लापरवाही की महामारी ने आज एक और युवा की जान ले ली। एक बेटा, एक सपना, उसके माता-पिता की पूरी दुनिया। सब पल भर में चकनाचूर हो गया। यह कोई दुर्घटना नहीं है। यह हत्या है। हत्यारा वह सरकार है जो जवाबदेही से भागती है। असली दोषी सड़क नहीं, बल्कि वह गैर-जिम्मेदार प्रशासन है। क्योंकि यहां न तो कोई इस्तीफा देता है, न ही किसी को सजा मिलती है और न ही किसी का विवेक जागता है।”

दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “ये हादसा नहीं, बल्कि हत्या है। नोएडा की घटना से भी बीजेपी ने कुछ नहीं सीखा। घोर लापरवाही और गैर-जिम्मेदार रवैया अब बीजेपी सरकारों की पहचान बन चुका है, जिसका खामियाज़ा आम जनता भुगत रही है। ईश्वर उस परिवार को शक्ति दें, जिसने सरकार की लापरवाही की वजह से अपना बच्चा खो दिया।”

गड्ढे में गिर गए कमल ध्यानी

बता दें कि एचडीएफसी बैंक में टेलीकॉलर के रूप में कार्यरत और दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पालम कैलाश पुरी के रहने वाले कमल ध्यानी, उत्तर-पश्चिम दिल्ली के रोहिणी से देर रात घर लौट रहे थे, तभी वे जनकपुरी क्षेत्र में जोगिंदर सिंह मार्ग पर 2 किलोमीटर लंबी सर्विस रोड की मरम्मत के काम के तहत खोदे गए गड्ढे में गिर गए। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…