उत्तराखंड के जोशीमठ क्षेत्र में एक हेलिकॉप्टर हादसा में मारे गए छह लोगों का शव बरामद हो चुका है, इसके बाद शुक्रवार को जिला प्रशासन बचाव अभियान में तेजी लाने के लिए सभी संबंधित बचाव एजेंसियों के साथ समन्वय कर रहा है। प्रशासन की टीमें सभी शवों को बाहर निकालने के काम में जुटी हैं।
शवों में पांच यात्री थे और एक पायलट था। पायलट की पहचान हिमांशु सभरवाल के रूप में हुई है, वे दिल्ली के रहने वाले थे। वहीं सभी यात्री कर्नाटक के रहने वाले थे। क्रैश हुआ हेलीकॉप्टर ट्रांस भारत एविएशन का बताया जा रहा है।
बद्रीनाथ से भरी थी उड़ान
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर ने शुक्रवार दोपहर 1.12 मिनट पर बद्रीनाथ से उड़ान भरी थी और करीब 2.00 बजे दुर्घटनाग्रस्त हुआ। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के मुताबिक, जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर से संपर्क टूट गया था।
चूंकि दुर्घटना स्थल एक बेहद दुर्गम और अधिक ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाके में है, इसलिए भारतीय सेना, ITBP, SDRF, जिला प्रशासन, पुलिस, NDRF और वन विभाग की टीमें पांडुकेश्वर की ओर से पहाड़ी रास्तों पर कठिन चढ़ाई करके मौके पर पहुंच गई हैं। वे शवों को सुरक्षित बाहर निकालने के अभियान में लगी हुई हैं।
शुक्रवार रात अंधेरा होने और दुर्गम रास्ता होने के कारण शवों को रात में सड़क तक नहीं लाया जा सका। इस कारण रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा।
शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हालत में हैं
शनिवार सुबह एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी और भारतीय सेना के जवान दोबारा घटनास्थल पर पहुंचे। यहां से सड़क की दूरी करीब 10 से 12 किलोमीटर पैदल है। जवान दुर्गम पहाड़ी रास्ते से शवों को सड़क तक लाने में जुटे हैं। प्रशासन के अनुसार, शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हालत में हैं, जिससे रेस्क्यू अभियान में अधिक समय लग रहा है। सुरक्षा और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए टीमें पूरी सतर्कता के साथ अभियान चला रही हैं।
चमोली जिले के इस हेलिकॉप्टर दुर्घटना की जांच एएआईबी और डीजीसीए की टीम करेगी। आज एक विशेषज्ञों की टीम यहां पहुंचेगी।
यह भी पढ़ें: कोई वकील तो कोई इंस्पेक्टर…, जोशीमठ हेलीकॉप्टर हादसे में जान गंवाने वाले पांच दोस्तों की कहानी
चमोली जिले में शुक्रवार को हुए हेलीकॉप्टर हादसे में मारे गए छह लोगों में कर्नाटक के पांच दोस्त शामिल थे। इनमें बेंगलुरु की सेंट्रल क्राइम ब्रांच में तैनात एक पुलिस इंस्पेक्टर भी थे। छठे व्यक्ति पायलट कैप्टन हिमांशु थे। वह दिल्ली के रहने वाले थे। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
