झारंखड के रांची में JPSC-JSSC से जुड़ी नौकरी की परीक्षाओं में गड़बड़ी के खिलाफ चल रहा छात्रों का प्रदर्शन बुधवार को दो माह के लिए खत्म कर दिया है। साथ ही छात्रों ने राज्य की हेमंत सरकार को अल्टीमेटम भी दिया है। झारखंड सरकार की ओर से मांगे मानते हुए भर्ती परीक्षाएं रद्द किए जाने के बाद तीन प्रदर्शनकारियों ने अपनी 15 दिन की भूख हड़ताल खत्म की।

हेमंत सरकार ने बीते सोमवार को छात्रों की मांगे मान ली थीं और टीडीपीएल की ओर से कराई गई 2014 से सभी भर्तियां नियुक्तियां रद्द कर दी गईं।

छात्रों ने सरकार से 22 परीक्षाएं रद्द करवाई

प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे छात्र नेता रवींद्र पासवान ने कहा, “यह हमारे विरोध-प्रदर्शन का 26वां दिन है, छात्रों के विरोध के कारण, राज्य सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को हमारी मांगें माननी पड़ीं। मैं परीक्षा रद्द होने का श्रेय झारखंड के सभी छात्रों और युवाओं को देना चाहता हूं। आप लोगों ने अनुशासन के साथ विरोध किया और अपनी मांगें रखीं। हमने सरकार से 22 परीक्षाएं रद्द करवाई हैं। यह हम सभी के लिए एक बड़ी जीत है।”

आगे उन्होंने कहा, “मैं सरकार से अपील करता हूं कि बाकी सभी परीक्षाएं भी रद्द की जाएं चाहे वह PGT, नगरपालिका, आबकारी, कांस्टेबल या फील्ड वर्कर की परीक्षा हो, क्योंकि इन सभी परीक्षाओं में भी भ्रष्टाचार हुआ है।”

सरकार को दो माह का अल्टीमेटम

रवींद्र पासवान ने आगे अपनी और मांगे बताते हुए कहा,”हम मांग करते हैं कि झारखंड में परीक्षा सुधारों की सिफारिश करने के लिए बनाई गई समिति में छात्रों के प्रतिनिधि को शामिल किया जाए। नौकरी की परीक्षाओं में गड़बड़ी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने अपना आंदोलन रोका और झारखंड सरकार को मुद्दों को सुलझाने के लिए 2 महीने का अल्टीमेटम दिया।”

सरकार हमारी सभी मांगों को पूरा करे- छात्र नेता

छात्र नेताने आगे कहा, “JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच ने सरकार को दो माह का समय देने का फैसला किया है और हम अपना विरोध-प्रदर्शन दो महीने के लिए टाल रहे हैं। हम विरोध-प्रदर्शन खत्म नहीं कर रहे हैं, बस अभी के लिए इसे टाल रहे हैं। हमारी मांग है कि सरकार हमारी सभी मांगों को 100% पूरा करे – झारखंड में होने वाली सभी परीक्षाओं में शामिल परीक्षा माफियाओं का पर्दाफाश करे और उन सभी परीक्षाओं को रद्द करे जो अब तक रद्द नहीं हुई हैं। अगर इन दो महीनों में हमें लगा कि सरकार छात्रों के साथ नहीं है, तो दो महीने बाद फिर से विरोध-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा और वह इस विरोध-प्रदर्शन से कहीं अधिक जबरदस्त होगा।”

आंदोलन पूरी तरह खत्म हो गया- मंत्री इरफान

इस विरोध-प्रदर्शन को लेकर राज्य के मंत्री इरफान अंसारी ने कहा, “आंदोलन पूरी तरह खत्म हो गया है और वे आज शाम 6 बजे अपनी भूख हड़ताल खत्म कर देंगे। राहुल गांधी के उठाए गए कदम के बारे में कहूं तो कांग्रेस पार्टी युवाओं के साथ है। हमने युवाओं की सभी मांगें पूरी कर दी हैं।”