दिल्ली पुलिस ने शनिवार को सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटा दिया लेकिन जेएनयू की छात्रा नेहा बोरा और उनके दो साथियों- आमीन और मनीष की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी है। इन तीनों की तबीयत भी बिगड़ गई है लेकिन इसके बावजूद वे पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। ये तीनों छात्र ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) से जुड़े हैं।

शुक्रवार को नेहा का ब्लड शुगर लेवल काफी नीचे पहुंच गया था। डॉक्टर्स ने उसने उनसे कहा था कि वह अपना अनशन खत्म कर दें और अस्पताल में भर्ती हो जाएं। इसके अलावा आमीन और मनीष की भी तबीयत बिगड़ गई है।

नेहा बोरा का कहना है कि वे लोग पुलिस की कार्रवाई के बाद भी भूख हड़ताल जारी रखेंगे। नेहा ने कहा कि पुलिस वाले सादी वर्दी में आए और जंतर-मंतर पर भारी तैनाती के बीच सोनम वांगचुक को जबरदस्ती अपने साथ ले गए।

Sonam Wangchuk News LIVE

नेहा बोरा ने आरोप लगाया कि एक ओर केंद्र सरकार ने छात्रों की मांगों का कोई संज्ञान नहीं लिया है और वहीं दूसरी ओर वह ताकत का इस्तेमाल कर रही है।

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

नेहा ने सभी लोगों से अपील की है कि वे जंतर-मंतर पर पहुंचें। उन्होंने कहा कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान का केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा नहीं हो जाता, तब तक यह आंदोलन समाप्त नहीं होगा।

आइसा ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने अनशन के 21वें दिन तीनों कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन स्थल से हिरासत में लेने की कोशिश की। कई छात्रों और आइसा के कार्यकर्ताओं ने अनशन कर रहे तीनों छात्रों के चारों ओर मानव शृंखला बना ली ताकि पुलिस उन्हें प्रदर्शन स्थल से न हटा सके। उधर, कॉकरोच जनता पार्टी ने 20 जुलाई को संसद मार्च में आने की अपील लोगों से की है।

इससे पहले, शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस ने समर्थकों के भारी विरोध के बावजूद सोनम वांगचुक को उठाकर सफदरजंग अस्पताल में भर्ती करा दिया। इस मामले में दिल्ली पुलिस का कहना है कि हाई कोर्ट के आदेश और एक्सपर्ट्स की मेडिकल सलाह के आधार पर और वांगचुक की बिगड़ती हालत को देखते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती करने का फैसला लिया गया। पुलिस ने इस तरह के आरोपों से इनकार किया है कि किसी प्रदर्शनकारी के साथ मारपीट हुई है।

यह भी पढ़ें- ‘अगर कुछ भी होता है तो…’

सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाकर सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसे लेकर उनकी पत्नी गीतांजलि अंग्मो का रिएक्शन आया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।