हरियाणा के सोनीपत स्थित ओपी जिंदल ग्लोबल विश्वविद्यालय के एक सह-प्राध्यापक को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना कथित तौर पर एडॉल्फ हिटलर से करने को लेकर एक छहमाही के लिए निलंबित कर दिया गया है। एक छात्र के पिता की ओर से हरियाणा मानवाधिकार आयोग में शिकायत दायर करने के बाद यह कार्रवाई की गई है।

पिछले साल नवंबर में दायर की गई थी शिकायत

छात्र के पिता ने आरोप लगाया था कि उनके बेटे को लगातार उत्पीड़न, अपमान और भेदभावपूर्ण व्यवहार का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उसके मानसिक स्वास्थ्य और शैक्षिक प्रदर्शन पर बुरा असर पड़ रहा है। स्नातक प्रथम वर्ष के छात्र के पिता ने पिछले साल नवंबर में दायर अपनी शिकायत में कहा था कि उनके बेटे ने 31 अक्टूबर 2025 को ‘उरी: सर्जिकल स्ट्राइक’ पर एक निबंध लिखा था, जो विश्वविद्यालय के शिक्षकों को पसंद नहीं आया।

आरोप लगाया कि इसके परिणामस्वरुप, तीन नवंबर को कक्षा में उनके बेटे के साथ दुर्व्यवहार किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सात नवंबर को सह-प्राध्यापक की ओर से पढ़ाए जा रहे ‘प्रतिनिधित्व की राजनीति’ नामक पाठ्यक्रम के दौरान ऐसी टिप्पणियां की गई जो ‘राजनीतिक रूप से अपमानजनक, भड़काऊ और बेहद परेशान करने वाली’ थीं।

मामले में विश्वविद्यालय ने क्या कहा?

उन्होंने आरोप लगाया कि इन टिप्पणियों में ‘प्रधानमंत्री मोदी की तुलना एडॉल्फ हिटलर (जर्मन तानाशाह) से करना और राष्ट्रीय सुरक्षा अभियानों को महज दिखावा और प्रचार’ बताना शामिल था। छात्र की ओर से विश्वविद्यालय के कुलपति को लिखित में शिकायत देने के बाद कार्यकारी डीन की ओर से जांच कराई गई, जिसमें पाया गया कि छात्र को अनुत्तीर्ण करना अनुचित था।

परिणामस्वरुप, विश्वविद्यालय ने परिणाम संशोधित किया और उसे आंतरिक मूल्यांकन में उत्तीर्ण कर दिया। इस बीच, विश्वविद्यालय की मुख्य संचार अधिकारी अंजू मोहन ने कहा, ‘मामले की सुनवाई हरियाणा मानवाधिकार आयोग की ओर से की जा रही है और हम उसके अनुरोध का पालन कर रहे हैं।