झारखंड: बैंक में घुसते ही लुटेरों ने तमंचा तानकर छीन लिए सबके मोबाइल, लूट ले गए 17 लाख
इसी बीच दो बदमाशों ने बैंक के कैशियर से स्ट्रांग रूम खुलवा कर वहां रखे करीबन 16 लाख 80 हजार रूपए एक बैग में भर चलते बने।

झारखंड के देवघर शहर के प्रमुख इलाके बाजला चौक की भारतीय स्टेट बैंक की पर्सनल बैंकिंग शाखा से दिनदहाड़े 16 लाख 80 हजार रूपए बदमाशों ने हथियार के बल पर लूट फरार हो गए। एसपी ए. विजयलक्ष्मी सूचना मिलते ही पुलिस बल ले पहुंची। मिली जानकारी के मुताबिक, यह वाकया सुबह 11 बजे बैंक खुलते ही हुआ। उसी वक्त पांच हथियारबंद लुटेरे बैंक में घुस गए और सभी कर्मचारियों को अपने कब्जे में कर उनके मोबाइल छीन लिए। बदमाशों ने कर्मचारियों को एक कमरे में ले जाकर बंद कर दिया। इसी बीच दो बदमाशों ने बैंक के कैशियर से स्ट्रांग रूम खुलवा कर वहां रखे करीबन 16 लाख 80 हजार रूपए एक बैग में भर चलते बने।
एसपी के मुताबिक, एक घंटा बाद कमरे में बंद कर्मचारियों ने शोर मचाया तो किसी ग्राहक ने कमरे का दरवाजा खोला। तब वे बहार आ सके। इसके बाद फौरन कर्मचारियों ने पुलिस को इत्तिला दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए देवघर ज़िले की सीमा को सील कर दिया है और तलाशी अभियान भी तेज कर दिया है। इस बीच गनीमत यह रही कि लूट की वारदात बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसके आधार पर पुलिस अपराधियों की तालश कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा।
गौरतलब है कि दो महीने पहले भी बांका के चानन थाना से सटे स्टेट बैंक की शाखा से इसी स्टाइल से बदमाशों ने 39 लाख रूपए लूट लिए थे। जिसका सुराग पुलिस को अबतक नहीं मिला है। देवघर पुलिस बांका पुलिस से संपर्क करके मामले की जांच कर रही है, ताकि बदमाशों की तलाश में मदद मिल सके।
बांका देवघर की सीमा पर लगे जंगल नक्सल प्रभावित है। पुलिस को शंका है इस ओर भी है, पर पक्की तौर पर कुछ भी कहने से पुलिस कतरा रही है। फिलहाल, बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।