कांग्रेस नेता जावेद रजा अपने कई साथियों के साथ हुए बीजेपी में शामिल
अल्पसंख्यक मोर्चा की एक बैठक के दौरान जावेद रजा ने ली बीजेपी की सदस्यता।

कांग्रेस नेता जावेद रजा बीजेपी में शामिल हो गए। उनके साथ सुरेन्द्र प्रसाद, अरुण राम, बिमल कुमार, जयदेव चक्रवर्ती,संतोष कुमार, राकेश कुमार, अनीश, विवेक कुमार भी बीजेपी में शामिल हो गए। बैठक के दौरान कांग्रेसी नेता जावेद रजा ने बाघमारा से बीजेपी विधायक ढुल्लू महतो के प्रति आस्था जताते हुए बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की। इसी बैठक के दौरान गजनफर खान, नौशाद खान, कमला कुमारी, अली अहमद खान,सफीर खान, आजाद अंसारी, टिंकू अंसारी आदि भी बीजेपी में शामिल हो गए। जावेद रजा ने बीजेपी की सदस्यता बीजेपी के सांसद पशुपति नाथ सिंह की एक अल्पसंख्यक मोर्चा की कार्यसमिति की बैठक के दौरान ली।
जावेद रजा के बीजेपी की सदस्या लेने के बाद कांग्रेस के धनबाद जिला अध्यक्ष ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि कतरास निवासी जावेद रजा अपने बचाव में सत्ताधारी बीजेपी में शामिल हुए हैं। जावेद के पास अभी कांग्रेस में कोई पद नहीं है। वह नई मेंबरशिप के मुताबिक सदस्य भी नहीं बने थे। ब्रजेंद्र ने बताया कि जावेद के खिलाफ पुलिस व पार्टी को कई शिकायतें भी मिली थीं। वह पहले भी राष्ट्रीय जनता दल व झारखंड मुक्ति मोर्चा में रह चुके हैं। कई दलों से घूमते हुए कांग्रेस में आये और फिर लौट गये। जावेद के भाई फिरोज रजा पहले से भाजपा में हैं।
इस बैठक के दौरान सांसद ने कहा था कि बीजेपी सरकार का अल्पसंख्यकों के विकास पर विशेष ध्यान है। अल्पसंख्यक कल्याण मंत्रालय की विकास योजनाओं का लाभ दिलाना अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों को मिलेगा, तभी केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाएं सफल होंगी। अल्पसंख्यकों के कल्याण के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। सांसद ने पाकिस्तान का जिक्र करते हुए कहा कि पाक के नापाक मंसूबे को हर मोर्चे पर विफल कर प्रधानमंत्री ने अपने कुशल नेतृत्व का परिचय पूरे विश्व को दिया है।