JPSC-JSSC को लेकर प्रदर्शन के बाद छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने झारखंड में भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा का ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि यह यात्रा सोमवार सुबह 11.00 बजे शिबू सोरेन के प्रतिमा स्थल से राज्य के हर जिले में जाएगी। उन्होंने वीडियो जारी कर इसकी जानकारी दी।
देवेंद्र महतो ने कहा कि सरकार की भ्रष्ट व्यवस्था से छात्र परेशान है, इसलिए हम छात्रों को जागरुक और एकजुट करने के लिए यह यात्रा निकालने जा रहे हैं।
’26 साल से छात्र परेशान हैं’
देवेंद्र नाथ महतो ने अपने वीडियो में कहा, “झारखंड के JPSC-JSSC में व्याप्त भष्ट्राचार, धांधली, पेपरलीक, गड़बड़ी, धांधली से नौकरी, पैरवी से नौकरी इन सभी से छात्र पूरे 26 साल से परेशान हैं। इस भ्रष्ट व्यवस्था से लगभग सभी छात्र भुक्तभोगी है। युवा आज बहुत दुखी हैं, इस भ्रष्ट व्यवस्था के कारण उन्हें बहुत नुकसान उठाना पड़ा है। इसे लेकर एक महीने से भी अधिक हम लोग संघर्ष कर रहे हैं।”
सभी जिले से गुजरेगी यात्रा
आगे कहा, हम ‘भ्रष्टाचार-मुक्त भर्ती अभियान’ के तहत अब, हमने इस आंदोलन के एक अहम नए चरण की घोषणा की है। आगामी 24 अगस्त से ‘भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा’, जो राज्य के सभी जिलों से होकर गुजरेगी, इसकी घोषणा को हम पहले कर चुके हैं। हालांकि राज्य के लोग अपने-अपने जिलों में इस यात्रा के आने का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं। राज्य भर के छात्र इस पहल को लेकर उत्साहित हैं और उन्हें इसमें बहुत भरोसा और उम्मीद है; उन्हें विश्वास है कि इससे उन्हें न्याय मिलेगा और यह एक निर्णायक संघर्ष साबित होगा।
रामगढ़ जिले से शुरू होगी यात्रा
आगे उन्होंने घोषणा करते हुए कहा, मैं झारखंड के सभी लोगों को बताना चाहता हूँ कि सोमवार, 24 अगस्त 2026 को सुबह 11:00 बजे रामगढ़ के शिबू सोरेन के पैतृक आवास नेमरा के प्रतिमास्थल से यह ‘भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा’ शुरू होगी।” उन्होंने कहा कि यह यात्रा राष्ट्र गान और एक सेखुआ का पौधा लगाकर शुरू होगी और हजारीबाग पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम किया जाएगा। फिर क्रमश: चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहेबगंज, पाकुड़, जामतारा, धनबाद, पूर्वी सिंहभूमि, सरायकिला खरसंवा, पश्चिमी सिंहभूमि, खूंटी, फतेसिंह डेवां, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, गढ़वा और अंत में फिर यात्रा रांची पहुंचेगी।
संर्घष हम जीत चुके हैं- देवेंद्र महतो
आगे उन्होंने कहा कि छात्रों के परेशानियों को लेकर जो संघर्ष था, वह हम जीत चुके हैं। सरकार ने तमाम विवादित 45 परीक्षाओं पर एक्शन लिया है, इसमें 22 परीक्षाएं रद्द, 17 परीक्षाओं पर जांच और छह परीक्षा स्थगित की गई है। छात्र जीत चुके हैं और अब कुछ परीक्षाओं को लेकर के मामला कोर्ट में विचाराधीन है। इसमें पास किए छात्रों द्वारा दायर की याचिका पर सरकार के आदेश पर स्टे लगा दिया गया है। अब सभी को मालूम है कि लड़ाई कोर्ट पर निर्भर है कि जो सरकार का आदेश है, वह बरकरार रहेगा या आदेश रद्द होगा। यह सीआईडी की जांच पर आधारित होगा कि वे अपने रिपोर्ट कोर्ट के सामने कैसे रख रहे हैं। इस लड़ाई में अभ्यर्थी भी हिस्सा बन सकते हैं, हम इस पर काम करेंगे।
बस से करेंगे राज्य की यात्रा
उन्होंने कहा कि यह यात्रा बस के माध्यम से होगी, और वहां मुख्यालय पहुंचने के बाद हम कुछ दूर पैदल भी चलेंगे। हम कॉलेज, यूनिवर्सिटीज, कोचिंग इंस्टिट्यूट और छात्रों के निर्देश पर जन जागरण का काम करेंगे और उन्हें एकजुट करेंगे। साथ ही सरकार से अपील करेंगे आगामी परीक्षाओं में धांधली न हो, पैरवी से नौकरी न मिले, इसकी गांरटी दें। इस पर हमें सुधार चाहिए। हम नहीं चाहते कि आने वाली पीढ़ी को ऐसी कोई लड़ाई लड़नी पड़े। किसी भी मां के बेटा या बेटी की कुर्बानी न देनी पड़े। छात्र का काम यह लड़ना नहीं है। यह यात्रा बहुत महत्वपूर्ण यात्रा है।
यह भी पढ़ें: झारखंड सिविल सेवा परीक्षा में धांधली का मामला: CBI जांच की मांग पर सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट झारखंड संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित धांधली की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से स्वतंत्र और समयबद्ध जांच कराने की मांग वाली याचिका पर सोमवार को सुनवाई करेगा। सीजेआई सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ अधिवक्ता सत्यम सिंह राजपूत के माध्यम से कार्यकर्ता हरिशरण देवगण द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई कर सकती है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
