झारखंड की रांची में JPSC-JSSC को लेकर एक महीने से अधिक चले प्रदर्शन के बाद छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो सोमवार को हेमंत सोरेन के गांव नेमरा से भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा निकालने वाले हैं। हालांकि उन्होंने इस यात्रा को सुबह 11.00 बजे निकालने को कहा था लेकिन दोपहर तक वे नेमरा गांव नहीं पहुंचे। इसके साथ ही नेमरा गांव के ग्रामीण उनका रास्ते रोकने के लिए गांव से थोड़ी दूर पहले जमा हो गए हैं।

देवेंद्र नाथ महतो ने बीते दिन वीडियो जारी कर भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा का ऐलान किया था। उन्होंने बताया कि 24 अगस्त से ‘भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा’, जो झारंखड के सभी 24 जिलों से होकर गुजरेगी, इसकी घोषणा को हम पहले कर चुके हैं। उन्होंने कहा इस यात्रा की शुरुआत सुबह 11 बजे से रामगढ़ में शिबू सोरन के पैतृक गांव नेमरा में उनकी प्रतिमा स्थल से होगी।

देवेंद्र नाथ महतो को गांव में घुसने नहीं देंगे- नेमरा के ग्रामीण

न्यूज एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए ग्रामीणों ने कहा कि हम देवेंद्र नाथ महतो को गांव में घुसने नहीं देंगे। उन्हें पहले बातों से समझाएंगे, अगर नहीं माने तो हम लाठी-डंडे व हथियारों से हमला भी करेंगे।

लाठी-डंडा, धनुष-तीर लेकर खड़े दिखे ग्रामीण

पीटीआई के वीडियो में दिखा कि ग्रामीण रास्ते में लाठी-डंडा, फरसा, कुल्हाड़ी, धनुष तीर, और अन्य धारदार हथियार लिए खड़े हैं। ग्रामीणों ने कहा कि सुनें हैं कि देवेंद्र महतो यहां आ रहे हैं, तो हेमंत सोरेन हमारे गांव के प्रधान हैं। ये लोग उनका (हेमंत सोरेन) पुतला जलाने वाले हैं। इसी कारण गांव में उसे नहीं घुसने देंगे और उसे पुतला नहीं जलाने देंगे। यहां वो आएगा तो उसे मना करेंगे और अगर बात नहीं सुना तो लाठी-डंडा भी चल जाएगा।

पुतला नहीं जलाने देंगे- ग्रामीण

जब उन ग्रामीणों से पुतला जलाने पर पूछा गया कि आपने कहां सुना है कि वे पुतला जलाएंगे तो उन्होंने कहा कि हम वीडियो में देखे और सुने हैं। आगे उनसे कहा गया कि वो तो परीक्षा में सुधार के लिए यात्रा शुरू करने वाले हैं तो ग्रामीण ने कहा कि हमने ये नहीं सुना है। लेकिन गांव के 5 प्रतिनिधि से सुने हैं कि देवेंद्र महतो आ रहा है और वो यहां हेमंत सोरेन का पुतला दहन करेगा। इसलिए हम गांव में नहीं घुसने देंगे। उन्होंने जब पूछा कि शिबू सोरेन की प्रतिमा तो गांव से बाहर है और वो वहीं आ रहे हैं तो ग्रामीण ने कहा कि वो बाहर करे लेकिन किसी भी हालत में उसको गांव में नहीं घुसने देंगे।

एक अन्य ग्रामीण ने कहा कि हम लोग यहां इसलिए बैठे हैं क्योंकि देवेंद्र महतो यहां आने वाला है। हम अपने गांव के प्रधान हेमंत सोरेन का पुतला नहीं फूंकने देंगे। तो हम लोग नेमरा गांव में देवेंद्र महतो को नहीं घुसने देंगे।

यह भी पढ़ें: झारखंड में आज 11 बजे से शुरू होगी ‘भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा’, देवेंद्र नाथ महतो ने किया ऐलान

JPSC-JSSC को लेकर प्रदर्शन के बाद छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने झारखंड में भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा का ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि यह यात्रा सोमवार सुबह 11.00 बजे शिबू सोरेन के प्रतिमा स्थल से राज्य के हर जिले में जाएगी। उन्होंने वीडियो जारी कर इसकी जानकारी दी। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें