बिहार के मोकामा से बाहुबली जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की है। मुलाकात के बाद अनंत सिंह ने समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट से मोकामा के लिए एक बड़ा अस्पताल मांगा है। अनंत सिंह ने कहा कि मोकामा के लोग इलाज के लिए पटना आते हैं, जिससे उनका काफी खर्च होता है। ऐसे में अगर मोकामा में बड़ा अस्पताल बन जाएगा तो लोगों को काफी सुविधा होगी।
सम्राट ने दिया अस्पताल बनवाने का भरोसा
अनंत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कह दिया है कि वह मोकामा में एक बड़ा अस्पताल बनवा देंगे। अनंत सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि सारा काम उन्होंने कर दिया है, अब बहुत कम होगा, फैक्ट्री भी लगेगा। अनंत सिंह ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट से मुलाकात के दौरान उन्होंने बता दिया कि यह उनका आखिरी चुनाव था, अब उनके बेटे राजनीति में आएंगे, ऐसे में मोकामा को एक अस्पताल दे दीजिए।
निशांत कुमार के राजनीति में आने को लेकर अनंत सिंह ने कहा, “हम सब और जनता चाहती थी कि वह राजनीति में आए लेकिन उनका मानना है कि वह पहले क्षेत्र में घूमेंगे और सीखेंगे। पहले वह जनता के बीच जाएंगे, सीखेंगे और उसके बाद राजनीति में आएंगे। हम भी चुनाव नहीं लड़ेंगे लेकिन हमारे बेटे की एंट्री राजनीति में होगी।” नीतीश कुमार के कार्यकाल की तारीफ करते हुए अनंत सिंह ने कहा कि पहले बिहार में कुछ नहीं था, बिजली नहीं थी, रोड नहीं था, लेकिन उन्होंने बिहार में सब कुछ बनवा दिया।
तेजस्वी यादव पर अनंत सिंह ने साधा निशाना
तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए अनंत सिंह ने कहा कि उनका नाम लेना ही बेकार है, उनके पास बचा क्या है, लालू यादव के बेटे हैं इसलिए हम सब उनको जानते हैं, बाकी उनमें कोई विशेषता नहीं है। अनंत सिंह ने कहा कि तेजस्वी यादव का नाम लेना ही बेकार है।
शराबबंदी योजना का विरोध करते हुए अनंत सिंह ने कहा कि इस पर बैन हटना चाहिए। उन्होंने कहा कि शराबबंदी होने के बावजूद लोगों को दारू मिल रहा और लोग पीकर घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि बस अंतर यह है, अब रोड पर नहीं घूमते हैं। अनंत सिंह ने कहा कि शराबबंदी हटना चाहिए और अगर कोई रोड पर पीते हुए पाए जाए तो उसे पकड़ना चाहिए। अनंत सिंह ने दावा किया कि शराबबंदी के बाद गलत तरीके का नशा बिहार में बढ़ रहा है।
(यह भी पढ़ें- सम्राट चौधरी के बिहार का सीएम बनते ही चर्चा में आई कामराज यूनिवर्सिटी की पीएफसी परीक्षा)
सम्राट चौधरी ने बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। बिहार के सीएम पद की शपथ लेते ही सोशल मीडिया पर एक बार फिर से उनकी शिक्षा को लेकर चर्चा हो रही है। पढ़ें पूरी खबर
