सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने केंद्रीय मंत्री और रालोद प्रमुख जयंत चौधरी पर निशाना साधा था। अखिलेश यादव ने बिना नाम लिए जयंत चौधरी पर तंज कसते हुए कहा था कि हमने हमेशा सहयोगी दलों को आगे बढ़ाने का काम किया। उन्होंने कहा था कि हमने चवन्नी का रुपया बना दिया, तब भी लोग छोड़कर चले गए। वहीं अब जयंत ने अखिलेश पर निशाना साधा है और उन्हें अहंकारी बताया है।

जयंत ने अखिलेश को दिया जवाब

जयंत चौधरी ने कहा, “सियासत की लड़ाई में कुछ सस्ते शब्द बोलने ही थे तो मेरा नाम लेकर बोल देते, कोई बात नहीं थी। जाट समाज को टारगेट करना और कहना ABCD हमने सिखाई? मैं इस अहंकार को देख चुका हूं करीब से और मानता हूं ऐसा आचरण सिर्फ़ पतन लाता है।”

मायावती ने भी साधा निशाना

बसपा प्रमुख मायावती ने भी इस मुद्दे को लेकर सपा को घेरा है। मायावती ने X पर एक पोस्ट में कहा, “जैसाकि सर्वविदित है कि सपा प्रमुख द्वारा अपनी पुरानी सहयोगी पार्टी राष्ट्रीय लोकदल व उस पार्टी के नेता केन्द्रीय मंत्री के बारे में यह सार्वजनिक बयान देना कि ’हमने इनको चवन्नी से रुपया बना दिया है’, यह कहना पूर्णतः अमर्यादित, अशोभनीय व अति-शर्मनाक है और इस प्रकार की अहंकारी व अलोकतांत्रिक बयानबाज़ी के लिये उन्हें उस पार्टी से व उनके नेता से ही नहीं बल्कि स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह जी के परिवार का अपमान करने हेतु पूरे जाट समाज से भी अविलम्ब माफी मांगनी चाहिए तो यह उचित होगा।”

मायावती ने कहा कि वैसे देश की राजनीति में सपा का चाल, चरित्र व चेहरा अपने विरोधी पार्टियों के लिए ही नहीं बल्कि अपने सहयोगियों के लिए भी हमेशा से राजनीतिक संकीर्णता व जातिवादी द्वेष आदि से ग्रसित ज़्यादातर अप्रिय और अविश्वसनीय ही रहा है, जिस कारण इसका राजनीतिक और चुनावी लाभ भी अक्सर मौक़ों पर भाजपा ही उठाती रही है और सेक्युलर ताकतें कमज़ोर होती रहीं हैं। उन्होंने कहा कि सपा के इसी प्रकार के अति-अहंकारी स्वाभाव के कारण पहले सन 1993 में यूपी में मुलायम सिंह यादव के साथ सपा व बसपा का बना गठबन्धन जल्दी ही टूट गया, जिसके कारण 2 जून 1995 को मेरी हत्या करने के षड्यंत्र के तहत मेरे विरुद्ध कुख्यात लखनऊ स्टेट गेस्ट हाऊस कांड हुआ।

सपा केवल अपना काम निकालना जानती है- मायावती

मायावती ने कहा, “अब संक्षेप में यही कहना है कि सपा गठबन्धन के मामले में केवल अपना काम निकालना जानती है और अपना काम निकलते ही फिर यह पार्टी गिरगिट की तरह अपना रंग बदल लेती है तथा दूसरी पार्टी के बारे में अनाप-शनाप भाषा का भी ख़ूब इस्तेमाल करती रहती है, जो कि यह सपा का पुराना रवैया है। ऐसे में सर्वसमाज के लोग सपा की संकीर्ण व जातिवादी राजनीति से ज़रूर सावधान रहें। यह बात भी जग-ज़ाहिर है कि अखिलेश यादव अपने राजनैतिक स्वार्थ के लिए अपने PDA में से P को कभी पिछड़ा वर्ग, तो कभी P को पण्डितों का हितकारी बता देते हैं, जबकि इनके बारे में सच्चाई तो यह है कि वे पिछड़े वर्गों में अपनी ख़ुद की जाति के अलावा बाकी पिछड़े वर्गों, अल्पसंख्यकों तथा अपरकास्ट समाज में से ख़ासकर ब्राह्मण समाज के भी क़तई हितैषी नहीं रहे हैं।”

यह भी पढ़ें: रालोद के सामने पश्चिमी यूपी में जमीन बचाने की चुनौती, 2027 के चुनाव में होगी बड़ी परीक्षा

सपा के साथ गठबंधन में रालोद को जाट-मुस्लिम समीकरण का सीधा फायदा मिलता था लेकिन अब रालोद भाजपा के साथ है। ऐसे में क्या मुस्लिम मतदाता पहले जैसा भरोसा जताएंगे या सपा की ओर जाएंगे? पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।