जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने पंजाब में विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। सवाल यह है कि क्या वह राज्य में पूरी मजबूती और तैयारी के साथ चुनाव लड़ने जा रही बीजेपी के साथ मिलकर सियासी मैदान में उतरेगी या फिर अकेले? पंजाब में अगले कुछ महीनों के भीतर विधानसभा के चुनाव होने हैं।
चुनाव लड़ने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए जेडीयू ने पंजाब प्रदेश कोर कमेटी के गठन का भी ऐलान किया। इसमें मलविंदर सिंह को पंजाब इकाई का अध्यक्ष, गुरपाल सिंह हुंदल को उपाध्यक्ष, आई.एस. अहलूवालिया को महासचिव और संजीव झा को महासचिव (संगठन) नियुक्त किया गया। पूर्व सांसद कंवर सिंह ढींढसा को भी कोर टीम में शामिल किया गया है।
संगठन को मजबूत करने पर है फोकस
जेडीयू पदाधिकारियों ने कहा कि उनका फोकस विधानसभा चुनावों से पहले जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर रहेगा। जेडीयू की कोशिश राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा हासिल करने की है।
पंजाब में बीजेपी के प्रभारी संजय कुमार ने कहा कि जदयू का मकसद पंजाब में राजनीतिक विकल्प देने का है। संजय कुमार ने भरोसा जताया कि पार्टी के शासन के मॉडल को पंजाब के मतदाताओं का समर्थन मिलेगा।
संजय कुमार ने कहा कि पार्टी के एजेंडे में रोजगार, बेहतर शिक्षा, कृषि सुधार, सामाजिक कल्याण आदि शामिल हैं। संजय कुमार ने कहा कि जेडीयू राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार कर रही है और पिछले दो सालों से पंजाब के चंडीगढ़ में दफ्तर बनाने के साथ ही पूरे पंजाब में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है।
सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की है तैयारी
जेडीयू की तैयारी पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की है लेकिन गठबंधन और उम्मीदवारों की संख्या को लेकर अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा। कुमार ने यह भी कहा कि पंजाब की सभी विधानसभा सीटों पर संगठन को मजबूत किया जाएगा।
देखना होगा कि क्या बीजेपी और जेडीयू के बीच पंजाब में चुनावी गठबंधन होगा? जेडीयू एनडीए का प्रमुख घटक दल है और बीजेपी के साथ पिछले कई सालों से बिहार में मिलकर सरकार चला रहा है।
बिहार में जेडीयू के पास 85 विधायक हैं लेकिन इसके बाहर उसका कोई बड़ा राजनीतिक आधार नहीं है। झारखंड और मणिपुर में भी पार्टी की सक्रियता है।
यह भी पढ़ें- ‘मैं CM पद की दौड़ में नहीं हूं…’
पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर चल रहे विवाद को कम करने की कोशिश करते हुए राज्य पार्टी अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा कि वह मुख्यमंत्री पद की दौड़ में नहीं हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
