बिहार पुलिस ने बांकीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव में पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव की पार्टी जन शक्ति जनता दल की उम्मीदवार वीणा मानवी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। बांकीपुर उपचुनाव को लेकर बिहार में सियासी माहौल गर्म है। यह सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे से खाली हुई है।

बांकीपुर विधानसभा सीट से सोमवार को भाजपा के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा और जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने नामांकन दाखिल कर दिया है। आरजेडी ने इस सीट से रेखा गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है।

जानबूझकर फंसाया गया- तेज प्रताप यादव

वीणा मानवी की गिरफ्तारी को लेकर तेज प्रताप यादव ने X पर वीडियो जारी किया है। तेज प्रताप यादव ने कहा है कि षड्यंत्र रचकर वीणा मानवी को जानबूझकर फंसाया गया है। यादव ने कहा है कि दिल्ली से बिहार पहुंचते ही वह राज्य सरकार का घेराव करेंगे।

यादव ने सवाल उठाया कि जब वीणा मानवी नामांकन करने जा रही थीं तभी उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट क्यों जारी किया गया? उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता देख रही है कि किस तरह से एक महिला के साथ अन्याय हो रहा है। पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने कहा कि बांकीपुर सीट से बीजेपी के साथ ही प्रशांत किशोर को भी हार मिलेगी।

बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव 30 जुलाई को होगा जबकि मतों की गिनती तीन अगस्त को होगी।

बीजेपी के उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा ने अपना नाम वापस ले लिया था जिसके बाद पार्टी ने नीरज कुमार सिन्हा को प्रत्याशी बनाया।

बांकीपुर में जीतेगी बीजेपी: चिराग पासवान

उधर, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भरोसा जताया है कि बांकीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव में बीजेपी जीत हासिल करेगी और प्रशांत किशोर को हार का सामना करना पड़ेगा। चिराग ने कहा कि बिहार में एनडीए में शामिल सभी दल उनका समर्थन करेंगे। पासवान ने आरोप लगाया कि जन सुराज के संस्थापक के पास बिहार के विकास के लिए कोई स्पष्ट रूपरेखा नहीं है।

यह भी पढ़ें- बीजेपी के उम्मीदवार बदलने से मजबूत हुए प्रशांत किशोर?

जन सुराज पार्टी के चीफ प्रशांत किशोर के बांकीपुर से चुनाव लड़ने के फैसले ने पूरे राज्य का ध्यान इस ओर खींचा है। हालांकि बीजेपी के उम्मीदवार अभिषेक कुमार का नाम वापस लेने से विपक्ष को एक मुद्दा मिल गया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।