Gujarat Jamnagar North Election Results 2022, Rivaba Jadeja vs Bipendrasinh Jadeja Election Result 2022: गुजरात की जामनगर सीट से क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा (Rivaba Jadeja) ने जीत हासिल कर ली है। जामनगर उत्तर विधानसभा सीट पर BSP के कैंडिडेट अधिवक्ता जगदीश मनशिभाई गढ़वी दूसरे नंबर पर रहे। 2017 गुजरात विधान सभा चुनावों में जामनगर उत्तर विधानसभा सीट BJP के खाते में गयी थी।
जीत के बाद रिवाबा जडेजा (Rivaba Jadeja) ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि गुजरात में भाजपा जिस तरह से 27 साल से सरकार में है और यहां पार्टी ने विकास का एक मॉडल स्थापित किया है। लोग भी इस विकास यात्रा को भाजपा के साथ मिलकर ही आगे बढ़ाना चाहते हैं। साथ ही कहा कि ये साफ है कि गुजरात की जनता भाजपा के साथ थी और आगे भी रहेगी।
गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 में जामनगर जिले की जामनगर उत्तर (Jamnagar North) सीट सुर्खियों में बनी रही थी। चर्चा की मुख्य वजह क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा (Rivaba Jadeja) रहीं।
बता दें इस चुनाव में भाजपा ने जामनगर उत्तर के मौजूदा विधायक धर्मेंद्र जडेजा का टिकट काटकर रिवाबा को टिकट दिया था। धर्मेंद्र पिछले चुनाव से पहले तक कांग्रेस नेता हुआ करते थे।
साल 2012 में वह कांग्रेस के टिकट पर जामनगर उत्तर से विधायक चुने गए थे। तब उन्होंने भाजपा के मुलुभाई को नौ हजार से अधिक वोटों से हराया था। 2017 के राज्यसभा चुनाव में धर्मेंद्र पर क्रॉस-वोटिंग का आरोप लगा और उन्हें कांग्रेस से निकाल दिया गया।
इसके बाद उन्होंने साल 2017 का विधानसभा चुनाव भाजपा से चुनाव लड़ा और जीते भी। रूपाणी सरकार में उन्हें मंत्री भी बनाया गया। लेकिन 2022 के चुनाव में भाजपा ने उनका टिकट काट दिया।
रिवाबा को क्यों मिला टिकट?
रिवाबा जडेजा (Rivaba Jadeja) साल 2019 में भाजपा में शामिल हुई थी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस बीच गुजरात हाईकोर्ट ने भाजपा विधायक धर्मेंद्र (Dharmendra) के खिलाफ चल रहे आपराधिक मामलों को खत्म करने से इनकार कर दिया। और तब से उनकी उम्मीदवारी पर तलवार लटक रही थी। चुनाव करीब आते ही भाजपा ने इस सीट पर रिवाबा (Rivaba Jadeja) को अपना प्रत्याशी बना दिया।।
भाजपा का रहा है जामनगर
2008 के परिसीमन से पहले जामनगर विधानसभा सीट पर भाजपा का कब्जा हुआ करता था। इस सीट पर 1985 से 2007 के बीच हुए सभी छह चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार ही जीते थे। 2008 में परिसीमन के बाद जामनगर उत्तर सीट अस्तित्व में आया। पहला चुनाव 2012 में हुआ।