जम्मू कश्मीर के गुलमर्ग गोंडोला में सोमवार अचानक केबल कार में टेक्निकल फॉल्ट आ गया, जिससे करीब 300 लोग हवा में अटक गए। इस घटना के कारण इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, गोंडोला के कार केबल में संचालन के दौरान तकनीकी दिक्कत आ गई, जिस कारण कार आगे नहीं बढ़ सकी और पर्यटक बीच रास्ते में अलग-अलग केबिन में अटक गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन की सूचना पर फायर एंड इमरजेंसी सर्विस की टीम को मौके पर पहुंची।
राहत बचाव कार्य जारी
टीम ने गुलमर्ग गोंडोला में राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पर्यटकों को सुरक्षित निकालने की कोशिश लगातार जारी हैं।
300 पर्यटक फंसे
अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी दिक्कत के कारण गोंडोला के अचानक रुक गई, जिसके बाद केबल कारों के अंदर करीब 300 पर्यटक फंस गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तंगमर्ग के उप-मंडल मजिस्ट्रेट और तहसीलदार भी ऑपरेशन की निगरानी के लिए घटनास्थल पर पहुंचे।
कई पर्यटक घबरा गए
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गोंडोला सेवा के बीच हवा में रुकने के बाद महिलाओं और बच्चों समेत कई पर्यटक घबरा गए। हालांकि, अधिकारियों ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और निकासी सुचारू रूप से चल रही है। इधर खराबी का पता लगाने और परिचालन बहाल करने के लिए तकनीकी टीमों को भी तैनात किया गया था।
सैकड़ों लोगों को निकाला गया बाहर
समाचार एजेंसी PTI के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि गुलमर्ग केबल कार सेवा के दोनों चरणों का संचालन तकनीकी खराबी के कारण रोक दिया गया। इसे आम तौर पर ‘गोंडोला’ के नाम से जाना जाता है। अधिकारियों ने बताया कि इस राइड का आनंद ले रहे सैकड़ों पर्यटकों को राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) के जवानों ने केबिन से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में हैं- सीएम ऑफिस
इस घटना को लेकर जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के कार्यालय ने एक्स पर पोस्ट किया। मुख्यमंत्री कार्यालय ने लिखा, “तकनीकी खराबी के कारण केबल कार सेवा को अस्थायी रूप से रोके जाने के बाद, सरकार गुलमर्ग गोंडोला की स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है। सभी केबिन सुरक्षित हैं और फंसे हुए पर्यटकों को सुरक्षित निकालने के लिए प्रशिक्षित टीमों द्वारा बचाव अभियान जारी है। स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और घबराने की कोई बात नहीं है।”
यह भी पढ़ें: प्रतिबंधित संगठन जमात-ए-इस्लामी को फिर से सक्रिय करने की कोशिश, एनआईए ने की कश्मीर में ताबड़तोड़ छापेमारी
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने सोमवार को मध्य और दक्षिण कश्मीर के इलाकों में छापेमारी की है। सूत्रों के मुताबिक, श्रीनगर के लाल नजर इलाके और दक्षिण कश्मीर के शोपियां सहित कई जगहों पर एनआईए ने छापेमारी की है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
