राजस्थान के जैसलमेर से एक वीडियो सामने आया है जिसमें सैकड़ो गायों के सड़े हुए शव दिखाई दे रहे हैं। शवों के सड़ने की वजह से इस इलाके में भयंकर बदबू फैल गई है और आसपास रहने वाले लोगों के लिए यहां पर रहना बेहद मुश्किल हो गया है।

गर्मी के मौसम में इतनी बड़ी संख्या में गायों के शव सड़ने की वजह से बीमारी फैलने का भी डर लोगों को सता रहा है।

गायों के शव जैसलमेर नगर परिषद के डंपिंग यार्ड में फेंके गए हैं। गायों के शव सड़ने का वीडियो वायरल होने के बाद लोग नगर पालिका प्रशासन के कामकाज को लेकर तमाम सवाल खड़े कर रहे हैं।

गो रक्षक ने बनाया था वीडियो

इस मामले में एक गो रक्षक ने वीडियो बनाया था। यह वीडियो वायरल हुआ। वीडियो बनाने वाले गो रक्षक का कहना है कि इस मामले में बड़े पैमाने पर लापरवाही की गई है और यहां पर ना कोई कर्मचारी है और ना ही ठेकेदार मौजूद है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जैसलमेर की जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल ने इस मामले में रिपोर्ट मांगी है। नगर परिषद जैसलमेर के आयुक्त लजपाल सिंह सोढा ने तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने मरी हुई गायों के शवों को उठाने वाले ठेकेदार को चेतावनी के साथ ही कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मरी हुई गायों के शवों को तय जगह पर डालने की जिम्मेदारी ठेकेदार को दी गई थी लेकिन ठेकेदार ने लापरवाही की है और इस वजह से मरी हुई गायों के शव खुले में ही फेंके जा रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि यहां से गायों के शव नहीं उठाए गए और इस वजह से यहां पर गायों के शवों का ढेर लग गया। गांव वालों का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में कई बार प्रशासन से शिकायत की लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

डंपिंग यार्ड को हटाने की मांग

ग्रामीणों का कहना है यहां पर बनाए गए डंपिंग यार्ड को हटा दिया जाए। शवों के सड़ने की वजह से इलाके में बदबू फैल गई और लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है और गर्मी के मौसम के बीच बीमारी फैलने का भी खतरा बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि अगर इस मामले में समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में हालात बेहद खराब हो सकते हैं।

गो रक्षकों पर ट्रक ड्राइवर को गोबर खिलाने का आरोप

महाराष्ट्र के पुणे शहर में चार गो रक्षकों पर ट्रक ड्राइवर को गोबर खिलाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। भैंसों की अवैध ढुलाई के आरोप में एक ट्रक चालक को गोबर खिलाने के जुर्म में चार स्वघोषित गो रक्षकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।