Jaipur Coaching Centre Viral Video: जयपुर में कलाम कोचिंग संस्थान की कक्षा में शिक्षक द्वारा छात्र की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हंगामा हो गया। छात्रों और अभिभावकों ने रविवार को संस्थान के बाहर प्रदर्शन किया। पुलिस के अनुसार, यह घटना गोपालपुरा बाईपास स्थित रिद्धि-सिद्धि चौराहे के पास कोचिंग संस्थान में हुई।

वीडियो वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में छात्र और अभिभावक युवा नेता मनोज मीणा के नेतृत्व में कोचिंग के बाहर एकत्र हुए और आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान करीब एक घंटे तक मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही।

विवाद बढ़ने और वीडियो वायरल होने के बाद कलाम एकेडमी के प्रबंधन ने शिक्षक प्रवीण दान चारण को संस्थान से हटा दिया।

पुलिस ने घटना को लेकर क्या बताया?

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया और कुछ छात्रों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, घटना दो अक्टूबर के दिन कक्षा में हुई। उस दौरान कक्षा में महात्मा गांधी के त्याग और बलिदान से जुड़ी चर्चा चल रही थी। इसी बीच एक छात्र ने कथित तौर पर मजाकिया अंदाज में एक पर्ची लिखकर भेजी।

क्या लिखा था पर्ची में?

पुलिस ने बताया कि इस पर्ची में ‘कोचिंग परिवार आपका बलिदान मांग रहा है’ टिप्पणी लिखी थी। यह पर्ची शिक्षक प्रवीण दान चारण तक पहुंची। टिप्पणी से शिक्षक नाराज हो गए और छात्र को बुलाया। दोनों के बीच विवाद बढ़ने पर शिक्षक ने छात्र को थप्पड़ मारना शुरू कर दिया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ गया। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने घटना पर नाराजगी जताई और शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कोचिंग संस्थान के निदेशक मुकेश चौधरी के अनुसार, मामला बढ़ने के बाद कोचिंग प्रबंधन ने संबंधित शिक्षक को संस्थान से हटा दिया है।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस में क्रॉस-वोटिंग पर एक्शन की तैयारी

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) ने राज्य में हाल ही में हुए नगर निगम चुनावों के दौरान क्रॉस-वोटिंग और दूसरी गड़बड़ियों की शिकायतों की जांच के लिए 9 सदस्यों वाली एक कमेटी बनाई है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।