मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में बरगी डैम के पास गुरुवार शाम हुए क्रूज नाव हादसे ने एक सुखद सैर को बड़े दुख में बदल दिया। इस दर्दनाक घटना में 9 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 4 साल का एक बच्चा भी शामिल था। घटना के पीछे सिर्फ कई वजह सामने आ रही है।

घटना गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे की है। मौसम विभाग ने एक दिन पहले ही चेतावनी दी थी कि इलाके में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके बावजूद क्रूज संचालन जारी रहा। यह सेवा साल 2006 से पर्यटन के लिए चल रही थी और इसे सुरक्षित माना जाता था।

क्रूज नाव करीब 90 लोगों की क्षमता वाली थी, लेकिन उस समय इसमें लगभग 40 यात्री सवार थे। लोग बरगी डैम के शांत पानी में घूमने और मनोरंजन के लिए आए थे, लेकिन कुछ ही समय में यह सैर डर और अफरा-तफरी में बदल गई।

जैसे ही क्रूज पानी में आगे बढ़ा, अचानक तेज तूफान आ गया। कई यात्री ऊपर वाले डेक पर चले गए, क्योंकि वहां खुली जगह थी और लोग घूम-फिर रहे थे। इसी दौरान स्थिति बिगड़ने लगी।

जिला कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के अनुसार, जैसे ही ज्यादातर यात्री ऊपर चले गए, नाव का संतुलन बिगड़ गया। वजन ऊपर की तरफ बढ़ने से नाव एक तरफ झुकने लगी और लगातार हिलने लगी। घबराए हुए लोग एक तरफ से दूसरी तरफ भागने लगे, जिससे स्थिति और खराब हो गई। इसी कारण पानी नाव के निचले हिस्से में भरने लगा। जो लोग नीचे डेक पर थे या नीचे लौटे थे, वे वहीं फंस गए।

कुछ ही मिनटों में नाव पानी में डूबने लगी और लोग मदद के लिए पुकारने लगे। मौके पर पहुंचे बचाव दल ने तुरंत कार्रवाई की और 28 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन 9 लोगों को बचाया नहीं जा सका।

बरगी डैम हादसा: बच्चे को बचाने के लिए सीने से लगा लिया, एक ही लाइफ जैकेट में लिपटा मिला मां-बेटे का शव

हादसे के बाद प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की। क्रूज़ पायलट महेश पटेल, एक हेल्पर और टिकट काउंटर प्रभारी की सेवाएं समाप्त कर दी गईं। वहीं, सरकारी मैकाल रिसॉर्ट और बोट क्लब के मैनेजर सुनिल मरावी को लापरवाही के कारण निलंबित कर दिया गया। क्षेत्रीय प्रबंधक संजय मल्होत्रा को मुख्यालय अटैच किया गया है।

इस पूरे मामले की गहराई से जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति बनाई गई है। इसमें होमगार्ड और सिविल डिफेंस के डायरेक्टर जनरल, मध्य प्रदेश सरकार के सचिव और जबलपुर संभाग के कमिश्नर शामिल हैं। यह समिति हादसे के कारणों, नियमों के पालन और सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जांच करेगी।

सरकार ने यह भी घोषणा की है कि भविष्य में ऐसे हादसे न हों, इसके लिए पर्यटन विभाग क्रूज़ संचालन के लिए नए और सख्त नियम (SOP) तैयार करेगा, ताकि यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत किया जा सके।

यह भी पढ़ें: बरगी बांध हादसा: रोमांच बना मौत का सफर, क्या सिर्फ प्रतिबंध से खत्म होगी लापरवाही? | संपादकीय

मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में गुरुवार को एक क्रूज नाव पलट गई। इस घटना में अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 24 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। बाकी लोग जो हादसे के बाद से लापता हैं, उनकी तलाश के लिए सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। हालांकि, इस अभियान के दौरान शुक्रवार को एक ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने वहां मौजूद अधिकारियों एवं अन्य लोगों को झकझोर कर रख दिया। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक