इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के नेता एम.के. मुनीर ने शनिवार को कहा कि पार्टी ने केरल के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में कांग्रेस के किसी नेता के नाम का समर्थन नहीं किया है। आईयूएमएल के केरल अध्यक्ष पी. सैयद सादिक अली शिहाब थंगल ने बयान दिया था कि कांग्रेस नेता वीडी सतीशन ने विधानसभा चुनाव में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) का नेतृत्व किया।

कुछ लोगों ने माना कि थंगल ने यह बयान देकर मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में सतीशन का समर्थन किया है।

मुनीर ने थंगल के इस बयान को लेकर एक मीडिया संस्थान से कहा कि पार्टी ने केरल के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर कोई पसंद जाहिर नहीं की है। मुनीर ने कहा, ”थंगल ने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के बारे में कुछ नहीं कहा है। उन्होंने कहा था कि फैसला कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को करना है।”

कांग्रेस के पास है सक्षम नेतृत्व- मुनीर

मुनीर ने कहा कि कांग्रेस के पास सक्षम नेतृत्व है और चार मई को चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार पर बिना देरी किए फैसला किया जा सकता है। उन्होंने कहा, ”हमें विश्वास है कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का फैसला पार्टी में स्वीकार किया जाएगा।”

पूर्व मंत्री मुनीर ने आरोप लगाया कि आईयूएमएल को लेकर यह डर पैदा करने की कोशिश की जा रही है और यह धारणा बनाई जा रही है कि यूडीएफ सरकार आईयूएमएल के नियंत्रण में होगी। उन्होंने कहा, ”वे चाहते हैं कि आईयूएमएल कुछ भी न संभाले। वे दावा करते हैं कि अगर आईयूएमएल को गृह विभाग मिला तो दंगे होंगे। वे दावा करते हैं कि अगर शिक्षा विभाग आईयूएमएल को दिया गया तो केवल मुस्लिम विद्यालयों को ही अनुमतियां मिलेगी। सरकार जमात-ए-इस्लामी की छाया बनकर रह जाएगी।”

मुनीर ने कहा कि इस तरह की बातें जनता के बीच डर पैदा करने और विभाजन को गहरा करने के मकसद से कही जा रही हैं।

किसे मुख्यमंत्री बनाएगी कांग्रेस? 

अगर कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) केरल में सरकार बनाने में कामयाब रहता है तो किस नेता को मुख्यमंत्री बनने का मौका मिलेगा? इसमें कांग्रेस के तीन नेताओं के नाम प्रमुख रूप से सामने आए हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।