Delhi News Today: दिल्ली पुलिस ने राजधानी नई दिल्ली स्थ्ति IGI एयरपोर्ट से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से इटली बेस्ड भारतीय नागरिक है। इस युवक पर भारतीय उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ (Vice President of India Jagdeep Dhankhar) बनकर लोगों को ठगने का आरोप है। आरोपियों की पहचान गगनदीप सिंह (इटली में रहता है) और अश्विनी कुमार के रूप में हुई है।
अधिकारियों के अनुसार, दोनों ही आरोपियों ने सरकार के वरिष्ठ अधिकारी के नाम पर व्हाट्स ऐप प्रोफाइल (Whats App Profile) बनाई। इससे वह अन्य सरकारी अधिकारियों को मैसेज भेजते थे। आरोपी गगनदीप सिंह देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तस्वीर का इस्तेमाल करता था। इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने सभी टेक्निकल पहलुओं पर काम करना शुरू कर दिया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि मामला सामने आने के बाद तुरंत छापेमारी की गई और अश्विनी कुमार नाम के एक व्यक्ति को पकड़ा गया। अश्विनी कुमार ने व्हाट्सएप अकाउंट के लिए OTP (WhatsApp OTP) साझा किया था। उन्होंने बताया कि व्यापक हाई-टेक जांच, ह्यूमन इंटेलीजेंस और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (Social Media Platforms) द्वारा दी गई टेक्निकल डिटेल्स के विश्लेषण के बाद आरोपी की पहचान एक भारतीय नागरिक गगनदीप सिंह (जम्मू) के रूप में हुई। वह इटली में रह रहा था।
आरोपी की पहचान होने के बाद पुलिस टीम ने FRRO, बैंक्स और पासपोर्ट दफ्तर से उसकी अन्य डिटेल्स पता कीं। पुलिस टीम ने बताया कि उपराष्ट्रपति के नाम पर फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाने से पहले गगनदीप ने उनसे संबंधित बहुत सारी यू-ट्यूब वीडियोज देखीं।
अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद उसने इंटरनेट से वरिष्ठ अधिकारियों के नंबर निकाले। इसके बाद उसने अश्विनी कुमार की मदद से एक भारतीय मोबाइल नंबर का व्हाट्सएप अकाउंट बनाया। यह अकाउंट बनाने के बाद उसने इसपर उपराष्ट्रपति की फोटो को प्रोफाइल पिक्चर के तौर पर लगाया। इसके बाद उसने नकली खाते का उपयोग करते हुए, उसने सरकार के सीनियर अधिकारियों से फायदा लेने के लिए उन्हें मैसेज भेजना शुरू कर दिया।