Divya Mittal News: पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल रविवार को नवरात्रि के पहले दिन मिर्जापुर पहुंचीं। राजनीति में आने की घोषणा के बाद यह उनका पहला दौरा था। उनके समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर दिव्या मित्तल थोड़ी भावुक नजर आईं।
दिव्या मित्तल ने वहां पर मौजूद लोगों से कहा, “आपने मुझे फूलों और मालाओं से लाद दिया है। यही आपका प्यार है। आप लोग मुझे भावुक कर देते हो। मिर्जापुर ने एक ठेका लिया हुआ है, वो है मुझे रुलाने का। मिर्जापुर हमेशा हंसते रहना चाहिए, यहां किसी को रोने की इजाजत नहीं है।”
मां विंध्यावासिनी के दर्शन करने के बाद दिव्या मित्तल ने पत्रकारों से भी बात की। उन्होंने कहा, “मेरे आने वाले जीवन में जो भी कदम होंगे उसको मैं नवरात्र में ही सार्वजनिक करूंगी। देखिए मैंने बहुत ही साफ शब्दों में कह रही हूं कि मैं किसी की भी पार्टी में शामिल नहीं होने जा रही हूं और मैं फिर कहना चाहती हूं कि मैं किसी भी पार्टी को जॉइन नहीं करूंगी।”
मेरी राहुल गांधी से कोई मुलाकात नहीं हुई- दिव्या मित्तल
राहुल गांधी से अटकलों के बारे में भी दिव्या मित्तल ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा, “मैंने बहुत ही साफ शब्दों में कह दिया है कि मेरी राहुल गांधी से कोई भी मुलाकात नहीं हुई है।” साथ ही आगे कहा, “मुझे ऐसा लगता है कि राजनीति एक ऐसी जगह होती है जो हमारे देश को दिशा देती है। आप कैसे भी अधिकारी हों, आप अगर सबसे अच्छे ड्राइवर भी हैं तो सड़क शिमला जाएगी तो आप शिमला पहुंचेंगे और सड़क अगर कन्याकुमारी जाएगी तो आप कन्याकुमारी पहुंचेंगे। अगर मैं दिशा में अपना योगदान देना चाहती हूं तो राजनीति ही सबसे सही मंच है।”
कौन हैं दिव्या मित्तल?
2013 बैच की आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने 30 अगस्त 2026 को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उनका इस्तीफा 14 सितंबर को ही स्वीकार कर लिया गया था। हरियाणा के रेवाड़ी की रहने वाली दिव्या मित्तल ने आईआईटी दिल्ली से बीटेक की डिग्री हासिल की और आईआईएम बैंगलोर से एमबीए किया। एमबीए के बाद, मित्तल जेपी मॉर्गन में नौकरी के लिए लंदन चली गईं। हालांकि, कुछ समय बाद उन्होंने यूपीएससी की तैयारी शुरू की और 2013 में सफल रहीं।
उत्तर प्रदेश में उनकी पहली पोस्टिंग दिसंबर 2015 में मेरठ में संयुक्त मजिस्ट्रेट के तौर पर हुई, जिसके बाद वह गोंडा में मुख्य विकास अधिकारी बनीं। इसके बाद उन्होंने संत कबीर नगर, मिर्जापुर और देवरिया में डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट के तौर पर काम किया।
मिर्जापुर में डीएम के तौर पर अपने कार्यकाल के दौरान, उन्होंने जिले की कम बारिश वाली पहाड़ियों में बसे दूर-दराज के गांव ‘लहुरिया दह’ में पाइप से पानी पहुंचाने का काम किया। यहां के लोग लंबे समय से पानी के टैंकरों पर निर्भर थे। लगभग 2000 लोगों वाले इस गांव में ज्यादातर परिवार पीढ़ियों से टैंकरों, एक टूटे हुए कुएं और दूर बने जलाशय पर निर्भर थे। आखिरकार अगस्त 2023 में यहां पाइप से पानी पहुंचा। दशकों के इंतजार के बाद 125 घरों तक पानी की सुविधा मिली।
यह भी पढे़ं: UP की IAS अफसर रहीं दिव्या मित्तल की राजनीति में एंट्री: इस्तीफा देने के बाद बोलीं- खामोश नहीं रहूंगी
उत्तर प्रदेश कैडर की IAS अधिकारी रहीं दिव्या मित्तल ने प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा दे दिया है। अब दिव्या मित्तल ने खुलासा किया है कि वह राजनीति में आएंगी। हालांकि दिव्या मित्तल ने दावा किया कि वह किसी राजनीतिक दल के साथ नहीं जुड़ेंगी बल्कि आम लोगों के साथ मिलकर ऐसा राजनीतिक मंच खड़ा करेंगी, जिसका आधार जनता के सवाल और उनकी समस्याओं का समाधान होगा। दिव्या मित्तल ने कहा कि मेरे इस्तीफे के बाद ही लोग जानना चाहते थे कि मैं क्या करूंगी और किसके साथ क्या शुरुआत करूंगी? उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश मेरे लिए सिर्फ एक कार्यस्थल ही नहीं बल्कि लोगों ने मुझे अपने परिवार का हिस्सा माना है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
