दिल्ली पुलिस ने IRS अधिकारी की बेटी की हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। न्यूज एजेंसी एएनआई द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आरोपी राहुल मीणा दिल्ली के द्वारका इलाके के एक होटल में छिपा हुआ था। पुलिस ने उसे कस्टडी में ले लिया है।

आरोपी राहुल मीणा बुधवार सुबह IRS अधिकारी के घर में उस समय दाखिल हुआ था, जब वह और उनकी पत्नी जिम गए थे। जिम जाने से पहले उन्होंने घर का दरवाजा लॉक कर चाबी बाहर रखे शू रैक में रख दी थी। उनके घर में काम करने वाले सहायक, यहीं से चाबी लेकर दरवाजा खोलते थे।

द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार, संभवत: राहुल मीणा को चाबी रखने की यह जगह मालूम थी। उसने शू रैक में से चाबी निकाली और IRS अधिकारी के घर में दाखिल हुआ। राहुल मीणा पर आरोप है कि उसने IRS अधिकारी की 22 साल की बेटी का यौन उत्पीड़न करने के बाद उसकी हत्या कर दी।

लड़की के सिर और चेहरे पर थी चोट

द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, जब IRS अधिकारी और उनकी पत्नी जिम से लौटे तो उन्हें अपनी बेटी घायल अवस्था में मिली। उसके चेहरे और सिर पर काफी ज्यादा चोट थी। वे उसे तुरंत अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि लड़की का यौन उत्पीड़न करने के बाद मोबाइल चार्जर के वायर से उसका गला घोटा गया है।

UPSC की तैयारी कर रही थी लड़की

मृतक युवती 22 साल की थी और वह UPSC की तैयारी कर रही थी। पुलिस को शक है कि आरोपी राहुल मीणा ने सुबह साढ़े छह बजे से सात बजे के बीच अपराध को अंजाम दिया गया। आरोपी ने यह समय जानबूझकर चुना क्योंकि घर में काम करने वाले दो अन्य लोग थोड़ा लेट से आते हैं।

यह भी पढ़ें: IRS की बेटी की हत्या से पहले आरोपी राहुल मीणा ने राजस्थान में की थी छेड़छाड़

पुलिस को जांच में यह भी पता चला कि मंगलवार रात राहुल मीणा अपने गृह नगर राजगढ़ में था और उसने वहां कथित तौर पर एक महिला का उत्पीड़न किया। इसके बाद वह वहां से फरार हो गया। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें