देश की राजधानी नई दिल्ली में रहने वाले एक IRS अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी की पहचान राहुल मीणा के रूप में की है। राहुल मीणा IRS आधिकारी के घर में कुछ समय पहले तक काम किया करता था।

द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस की जांच में पता चला है कि राहुल मीणा राजस्थान का रहने वाला है। उसने दो महीने पहले ही IRS अधिकारी के घर में काम करना छोड़ा था। उसने करीब 18 महीने तक अधिकारी के घर में काम किया।

पुलिस ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि जांच में यह भी पता चला है कि राहुल मीणा की कई बार उधारी के सामान की पेमेंट को लेकर लोकल दुकानदारों से भी बहस हुई। वह उन्हें भरोसा देता था कि उसका मालिक उनके पैसे बाद में दे देगा।

राजगढ़ में महिला से की छेड़छाड़

पुलिस को जांच में यह भी पता चला कि मंगलवार रात राहुल मीणा अपने गृह नगर राजगढ़ में था और उसने वहां कथित तौर पर एक महिला का उत्पीड़न किया। इसके बाद वह वहां से फरार हो गया। राजगढ़ में पुलिस के सूत्रों ने बताया कि राहुल मीणा के खिलाफ वहां भी एक केस रजिस्टर किया गया है।

दिल्ली पुलिस राहुल मीणा को गिरफ्तार करने के लिए राजगढ़ पुलिस के साथ भी संपर्क में है। सूत्रों ने बताया कि दिल्ली से कई टीम राहुल मीणा को गिरफ्तार करने के लिए राजस्थान के लिए रवाना हो गई हैं। ये टीम वहां पर राहुल मीणा के संभावित छिपने के अड्डों को तलाशेंगी।

पुलिस ने बताया कि एरिया में कारें साफ करने वाले एक व्यक्ति (पुलिस इससे पूछताछ कर रही है) ने दावा किया कि उसने राहुल मीणा को IRS अधिकारी के घर से निकलते देखा और उसे चाय की पेशकश की लेकिन राहुल ने कुछ काम होने की बात कही और वो वहां से चला गया।

हत्या के समय जिम गए थे IRS अधिकारी?

पुलिस के अनुसार, जिम से लौटने के बाद युवती के परिजनों ने देखा कि उनकी बेटी के सिर और चेहरे पर कई चोट लगी हैं। वह उसे एक अस्पताल लेकर गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस को इस घटना की जानकारी मृतक युवती के परिजनों ने सुबह करीब नौ बजे दी। उन्होंने ही अपने पूर्व नौकर – राहुल मीणा पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह यौन उत्पीड़न और हत्या का मामला होने का संदेह है।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि उन्हें राहुल मीणा की बुधवार सुबह की घर में एंट्री करते हुए CCTV फुटेज मिली है। द इंडियन एक्सप्रेस को जानकारी मिली है कि हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी मृतक युवती का मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया। सूत्रों ने बताया कि मृतक युवती ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी और वह UPSC परीक्षा की तैयारी कर रही थी।

सुबह साढ़े छह से सात बजे की बीच हुई हत्या?

पुलिस को शक है कि अपराध को सुबह साढ़े छह बजे से सात बजे के बीच अंजाम दिया गया। आरोपी ने यह समय जानबूझकर चुना क्योंकि घर में काम करने वाले दो अन्य लोग थोड़ा लेट से आते हैं।

दिल्ली पुलिस मुख्यालय में काम करने वाले एक सूत्र ने बताया कि जांच में पता चला है कि युवती के पेरेंट्स ने सुबह दरवाजे को लॉक करने के बाद घर में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए चाबी बाहर रख दीं। राहुल मीणा को इस जगह के बारे में पता था। उसने वहां से चाबी उठाई और दरवाजा खोल लिया।

सूत्र ने बताया कि मृतक युवती के कमरे के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगा है। उस कैमरे की लाइव फीड मृतक और उसके पिता के फोन में देखी जा सकती है। राहुल मीणा पास की गली में लगे एक सीसीटीवी कैमरा में भी देखा जा सकता है। उसके पास एक बैग भी दिखाई दे रहा है।