पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार सुबह इंडिगो की एक फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी मिली। फ्लाइट नंबर 6E 3074 शिलांग के लिए रवाना होने वाली थी, लेकिन उड़ान से ठीक पहले बम की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। एहतियातन सभी यात्रियों को विमान से तुरंत उतार लिया गया।
कोलकाता एयरपोर्ट पर क्या हुआ?
इस मामले में कोलकाता एयरपोर्ट डायरेक्टर ने बयान जारी किया। उन्होंने बताया कि विमान में बोर्डिंग की प्रक्रिया चल रही थी, तभी क्रू मेंबर को एयरक्राफ्ट के टॉयलेट में कागज का एक टुकड़ा मिला। उस पर लिखा था कि विमान में बम है। इसके तुरंत बाद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और विमान की सघन जांच शुरू की गई।
हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब किसी विमान को बम से उड़ाने की धमकी मिली हो। इससे पहले भी कई एयरलाइंस की उड़ानों को इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। कई मामलों में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी है, तो कभी एयरपोर्ट पर ही सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया है। हालांकि, ज्यादातर मामलों में ऐसी धमकियां अफवाह ही साबित हुई हैं।
पहले भी हुईं ऐसी घटनाएं
वैसे इससे पहले कोलकाता एयरपोर्ट पर तुर्की एयरलाइंस के एक विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। बताया जा रहा था कि उड़ान के दौरान विमान से अचानक धुआं निकलने की सूचना मिली, जिसके बाद कोलकाता एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग का फैसला लिया गया। इससे पहले महाराष्ट्र के मुंबई एयरपोर्ट पर दो विमान के विंग आपस में टकरा गए। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानमाल की क्षति नहीं हुई है। घटना उस समय हुई जब दोनों विमान में यात्रा सवार थे।
