शिवसेना पार्षद रमेश म्हात्रे और उनके समर्थकों द्वारा डॉक्टर्स पर किए गए हमले के विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने मोर्चा खोल दिया है। आईएमए ने कहा है कि उससे जुड़े डॉक्टर 20 जुलाई को 24 घंटे के लिए हड़ताल पर रहेंगे और यह हड़ताल पूरे महाराष्ट्र में होगी। इस मामले में आईएमए ने बयान जारी किया है।
6 जुलाई को डोंबिवली के शास्त्री नगर निगम अस्पताल में शिवसेना के पार्षद रमेश म्हात्रे और उनके समर्थकों ने डॉक्टर्स पर हमला कर दिया था।
आईएमए के मुताबिक, इस हड़ताल को एलोपैथी, आयुर्वेद, होम्योपैथी के डॉक्टर्स के साथ-साथ चिकित्सा संघों, नर्सिंग संघों, पैरामेडिकल स्टाफ, स्वास्थ्य कर्मियों और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र से जुड़े कई संगठनों का समर्थन मिला है।
इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए आईएमए महाराष्ट्र के अध्यक्ष डॉ. संतोष कुलकर्णी ने चेतावनी दी कि अगर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो आईएमए अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करेगी। आईएमए के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रवि वांखेड़कर ने कहा कि इस घटना के बाद डॉक्टर्स एकजुट हो गए हैं।
हड़ताल के दौरान सभी ओपीडी सेवाएं बंद रहेंगी जबकि सर्जरी और अन्य चिकित्सा सेवाएं भी ठप रहेंगी। इमरजेंसी सेवाएं, आईसीयू में काम चलता रहेगा।
क्या है आईएमए की मांग?
आईएमए ने मांग की है कि डोंबिवली के शास्त्री नगर नगर निगम अस्पताल में हुए हमले के सभी आरोपियों के खिलाफ तत्काल, सख्त और निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई की जाए। आईएमए ने मांग की है कि इस मामले में कोई राजनीतिक दखल ना हो और पीड़ितों को जल्द इंसाफ दिलाया जाए। इसके साथ ही सभी सरकारी और निजी अस्पतालों में 24×7 स्थायी सुरक्षा सिस्टम को अनिवार्य किया जाए।
आईएमए ने यह मांग भी की है कि देश भर में स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ हिंसा को रोकने के लिए केंद्रीय कानून लागू किया जाए। डॉक्टर्स पर हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था और देश भर में इसे लेकर चिकित्सकों ने इस पर नाराजगी जताई थी। म्हात्रे को 14 जुलाई को इस मामले में जमानत मिल गई थी।
यह भी पढ़ें- ‘इस्तीफा दे दिया है, अब उस अस्पताल में नहीं लौटूंगा’
शास्त्रीनगर अस्पताल में मारपीट की घटना के बाद 26 वर्षीय रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर (RMO) ने साफ कहा है कि उन्होंने इस्तीफा दे दिया है और अब उस अस्पताल में वापस नहीं लौटना चाहते। डॉक्टर का कहना है कि घटना के बाद दो दिनों तक उन्हें लगातार धमकी भरे फोन आते रहे। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
