दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से कहा है कि राजधानी में अभी तैनात सीएपीएफ की 301 कंपनियों में से 273 कंपनियों की तैनाती 20 अक्टूबर तक बढ़ाई जाए। पुलिस ने खुफिया जानकारी का हवाला दिया है कि कॉकरोच जनता पार्टी और उससे जुड़े संगठनों के कार्यकर्ता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर और चुनाव आयोग के दफ्तर के पास नए सिरे से विरोध प्रदर्शन की तैयारी कर रहे हैं।

सोमवार को स्पेशल कमिश्नर ऑफ पुलिस (ऑपरेशन्स) के ऑफिस से गृह मंत्रालय को भेजे गए एक पत्र में कहा गया है कि राजधानी में फोर्स की तैनाती की समय-सीमा सोमवार को खत्म हो गई और अतिरिक्त बल के बिना कानून-व्यवस्था की कोई अप्रत्याशित स्थिति पैदा हो सकती है।

गृह मंत्रालय ने 301 कंपनियों की मंजूरी दी थी

गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस के लिए केंद्रीय बल की 301 कंपनियों को मंजूरी दी थी, 6 अक्टूबर को 221 और 8 अक्टूबर को 80 अतिरिक्त कंपनियां। हर कंपनी में लगभग 100 जवान होते हैं। पत्र के अनुसार, खुफिया जानकारी से पता चलता है कि सीजेपी और कई अन्य संगठनों के कार्यकर्ता जंतर-मंतर और चुनाव आयोग के दफ्तर की ओर विरोध प्रदर्शन और तेज कर सकते हैं।

पत्र में कहा गया है कि कार्यकर्ता राजधानी में अन्य महत्वपूर्ण जगहों पर इकट्ठा होने और चुनाव आयोग के दफ्तर, संसद, इंडिया गेट, मंत्रियों के दफ्तरों और घरों तक मार्च करने की कोशिश कर सकते हैं, जिससे कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा हो सकती है।

पत्र में आगे कहा गया है कि भीम आर्मी और छात्र संघों सहित अन्य राजनीतिक दलों और संगठनों के कार्यकर्ता भी इस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। इसमें यह भी कहा गया है कि जंतर-मंतर और अन्य संवेदनशील स्थानों पर असामाजिक तत्वों और विभिन्न राजनीतिक संगठनों के प्रदर्शन से समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।

दिल्ली पुलिस ने क्या तर्क दिया

दिल्ली पुलिस ने कहा है कि प्रमुख सीजेपी सदस्यों के लंबे समय तक चलने वाले आंदोलन के बारे में दिए गए बयानों से आशंका और पुष्ट होती है। दिल्ली पुलिस के पत्र में तर्क दिया गया है कि किसी भी उभरती हुई स्थिति में राजधानी भर में तेजी से तैनाती के लिए केंद्रीय बलों का पर्याप्त आवंटन जरूरी है।

दिल्ली पुलिस ने अपने पत्र में यह भी बताया है कि दिल्ली में तैनाती के लिए मंजूर की गई 80 अतिरिक्त कंपनियों में से 28 ने दिल्ली पुलिस को रिपोर्ट नहीं किया है। पत्र में कहा गया है, “इसे देखते हुए, सीएपीएफ की 301 कंपनियों में से केवल 273 कंपनियों की तैनाती की अवधि को 12 अक्टूबर से बढ़ाकर 20 अक्टूबर तक करने का अनुरोध किया जाता है।”

यह भी पढ़ें: जंतर-मंतर अब नहीं होगा निर्धारित प्रदर्शन स्थल, दिल्ली पुलिस ने तय किए रामलीला मैदान समेत तीन नए स्थान

दिल्ली पुलिस ने धरना-प्रदर्शन के लिए नई गाइडलाइंस जारी की हैं। नए आदेश के तहत जंतर-मंतर अब आधिकारिक प्रदर्शन स्थल नहीं रहेगा और इसे डीनोटिफाइड कर दिया गया है। रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली के CBD ग्राउंड को प्रदर्शन के लिए तय किया गया है। यह बदलाव गृह मंत्रालय की कमेटी की सिफारिशों के आधार पर किया गया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…