Weather Forecast : उत्तर भारत को अभी भी सर्दी से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। ठंड के कहर का सामना कर रहे उत्तर भारत के मैदानी और पहाड़ी इलाकों को आने वाले दिनों में फिर से पारा गिर सकता है। मौसम की जानकारी रखने वाले एक्सपर्ट्स (Weather Experts) की मानें तो आने वाले दिनों में पारा -4 से 2 डिग्री के बीच तक जा सकता है।
न्यूज एजेंसी ANI ने एक्सपर्ट्स के हवाले से बताया कि 14 जनवरी से 19 जनवरी तक सर्दी एक बार फिर से कहर ढहाएगी। इस दौरान 16 जनवरी से 18 जनवरी बेहद सर्द रहने की संभावना है।
बता दें कि उत्तर भारत इस साल की शुरुआत से कड़ाके की ठंड (Cold Wave) का सामना कर रहा है। लोग ठंड से कितने परेशान हैं इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मैदानी इलाकों में पहाड़ों जैसे हालात हैं। देश की राजधानी नई दिल्ली कई दिनों तक धर्मशाला से भी ज्यादा ठंडी रही।
IMD की वैज्ञानिक सोमा सेन रॉय ने बताया कि अभी उत्तर भारत में ठंड कम हो गई है। 2 दिन बाद पूरे उत्तर भारत में तापमान में फिर से कमी आएगी। पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी राजस्थान में सबसे ज्यादा तापमान में कमी होगी। धीरे-धीरे पूर्वी राज्यों में तापमान में कमी आएगी। शीतलहर दोबारा से आने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि 15 जनवरी से शीतलहर की स्थिति बन सकती है। आने वाले 2-4 दिन हवाएं तेज होने के कारण कोहरे की स्थिति ज्यादा खराब नहीं होगी। 15- 16 के आसपास घने कोहरे की भी आशंका है।
क्या है IMD Forecast?
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 11 से 13 जनवरी तक हल्की बारिश और बर्फबारी का अनुमान है। इसी तरह उत्तराखंड के विभिन्न इलाकों में भी हल्की बारिश और बर्फबारी का अनुमान है। मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, और पश्चिमी यूपी के अलग-अलग इलाकों में भी हल्की बारिश का अनुमान जताया है।
आज कैसा है मौसम का हाल?
उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में गुरुवार सुबह कई जगहों पर घना कोहरा छाया रहा। उत्तर प्रदेश में भी कोहरे और शीत लहर की वजह से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। उत्तराखंड के केदारनाथ और गंगोत्री में रात को बर्फबारी हुई है। हिमाचल प्रदेश के नरकंडा में भी बर्फबारी के बाद सफेद चादर छायी हुई है। मौसम विभाग ने बताया कि गुरुवार को दिल्ली के सफदजंग में न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सिय दर्ज किया गया।
कोहरे की वजह से रेल यातायात प्रभावित
उत्तर भारत के विभिन्न इलाकों में घने कोहरे का असर गुरुवार को भी रेल यातायात पर देखने को मिला। उत्तर रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गुरुवार को नई दिल्ली पहुंचने वाले 23 ट्रेनें लेट चल रही हैं। इन ट्रेनों में दरभंगा-नई दि्ल्ली क्लोन एक्सप्रेस, पुरी-नई दिल्ली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, गया-नई दिल्ली महाबोधी एक्सप्रेस, मालदा टाउन फरक्का एक्सप्रेस, बरौनी-नई दिल्ली क्लोन स्पेशन, कानपुर-नई दिल्ली श्रमशक्ति एक्सप्रेस, हावड़ा-नई दिल्ली पूर्वा एक्सप्रेस शामिल हैं।