जुलाई के पूरे महीने बारिश के लिए तरसने वाले दिल्लीवासी अगस्त के पहले सप्ताह में बारिश से बेहाल हो चुके हैं। देश की राजधानी दिल्ली में अगस्त के पहले सप्ताह में 127 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है जो पिछले 15 साल में सबसे अधिक है। गुरुग्राम में भी 100 मिलीमीटर से ऊपर बारिश दर्ज की जा चुकी है। पिछले 2-3 दिन से तो दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में भारी बारिश हो रही है। इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने 9-11 अगस्त के बीच और तेज बारिश होने की भविष्यवाणी की है। IMD ने दिल्ली में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।

तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान की भविष्यवाणी

IMD के मुताबिक, दिल्ली में अगले 2-3 दिन तेज बारिश के साथ-साथ आंधी-तूफान की संभावना है। मौसम विभाग का मानना है कि 9 से 11 अगस्त के बीच मानसून फिर से एक्टिव रहेगा। इस दौरान सबसे अधिक बारिश 10 अगस्त को होने की संभावना है। दिल्ली में आज (8 अगस्त) भी बारिश हुई। हालांकि सुबह तेज धूप थी, लेकिन शनिवार को शाम को दिल्ली और आसपास के इलाकों में तेज बारिश हुई।

साउथ और सेंट्रल दिल्ली में सबसे अधिक बारिश

शनिवार को दक्षिण और मध्य दिल्ली में बारिश खास तौर पर तेज बारिश हुई। पुष्प विहार में 57 mm बारिश रिकॉर्ड की गई, जो दिन में बारिश की रिपोर्ट करने वाले स्टेशनों में सबसे ज्यादा है। पालम में सुबह 8.30 बजे तक 24 घंटों में 104.6 mm बारिश रिकॉर्ड की गई है, जो कम से कम 2011 के बाद से अगस्त में वहां 24 घंटे में दर्ज की गई सबसे ज़्यादा बारिश है।

पालम में 1967 के बाद सबसे अधिक बारिश

अधिकारियों ने कहा कि यह बहुत कम हुआ है क्योंकि यह बारिश पालम में पूरे अगस्त महीने की औसत बारिश (197.9 mm) के आधे से ज्यादा है। पालम में अगस्त में 24 घंटे की अब तक की सबसे ज्यादा बारिश 1967 में 183.6 mm दर्ज की गई थी। शनिवार को सुबह 8.30 बजे तक 24 घंटों में गुड़गांव में 96.5 mm बारिश हुई, जबकि इसी दौरान नोएडा में 28.5 mm बारिश रिकॉर्ड की गई।

कश्मीर में रोकी गई अमरनाथ यात्रा

बता दें कि मौसम की मार सबसे ज्यादा पहाड़ी इलाकों में देखने को मिल रही है। जम्मू-कश्मीर में बारिश और लैंडस्लाइड की वजह से हालात बहुत खराब हो चुके हैं। शनिवार को प्रशासन ने अमरनाथ यात्रा फिर से रोक दी। प्रशासन के मुताबिक, पहलगाम और बालटाल दोनों रूट पर मरम्मत का काम चलेगा। शुरुआत में यात्रा को अगले आदेश तक स्थगित किया गया था, लेकिन अब जानकारी है कि यात्रा को 20 दिन पहले ही खत्म कर दिया गया है। अब अमरनाथ की यात्रा अगले साल होगी।

यह भी पढ़ें: बारिश के मौसम में मक्खियों ने कर दिया है परेशान, घर पर बिना केमिकल के इन्हें दूर रखने के लिए अपनाएं ये 3 तरीके

बारिश का मौसम जहां एक तरफ राहत लाता है, तो वहीं दूसरी तरफ कई समस्याएं भी लेकर आता है। कई बार आपने देखा होगा कि इस दौरान खाना खाते या बनाते समय मक्खियां बहुत परेशान करती हैं। खाने की टेबल, खिड़कियों, किचन, फर्श या जमीन पर बार-बार मंडराती रहती हैं। ये खाने पीने की चीजों को गंदा कर सकती हैं। ऐसे में इन्हें दूर करने के लिए कई लोग केमिकल का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि हर कोई इनका इस्तेमाल करना पसंद नहीं करता है। ऐसे में कुछ आसान घरेलू तरीकों की मदद से मक्खियों को दूर करने में मदद मिल सकती है। यहां पढ़ें पूरी खबर…