आईआईटी बॉम्बे में परीक्षा के दौरान नकल करते हुए पकड़े जाने पर स्टूडेंट को पेपर देने से नहीं रोका जाएगा बल्कि उसे नई आंसर शीट के साथ उस पेपर को पूरा करने का मौका दिया जाएगा। संस्थान में बीटेक सेकंड ईयर के स्टूडेंट साहिल रविंद्र वाकोडे की मौत के बाद गठित आठ सदस्यीय कमेटी ने अपनी अंतरिम रिपोर्ट में यह सुझाव दिया है।
बता दें कि साहिल वाकोडे ऐसा ही स्टूडेंट था जिसे एग्जाम के दौरान नकल करते हुए पकड़ा गया था। उसके बाद उसे परीक्षा देने से रोक दिया गया था, जिसके बाद उसने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। उसके बाद परीक्षा नियमों में बदलाव को लेकर एक कमेटी गठित की गई। उसी कमेटी ने संस्थान को कुछ सुझाव दिए हैं।
रिपोर्ट में क्या-क्या सुझाव दिए गए हैं?
कमेटी ने अपनी अंतरिम रिपोर्ट में कहा है कि अगर कोई छात्र परीक्षा के दौरान नकल करते हुए पकड़ा जाता है तो इनविजिलेटर उसके पास से नकल सामग्री को जब्त कर ले और उस घटना को रिकॉर्ड करे। रिपोर्ट में कहा गया है कि छात्र को पेपर देने से नहीं रोका जाए बल्कि उसे नई आंसर शीट देकर पेपर पूरा करने दिया जाए। इसके अलावा रिपोर्ट में कहा गया है कि नकल की जानकारी तुरंत क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) की हेल्पलाइन को दी जाए ताकि परीक्षा के बाद छात्र को जरूरी सपोर्ट उपलब्ध कराया जा सके।
रिपोर्ट में इनविजिलेटर की भूमिका को किया गया स्पष्ट
हमारे सहयोगी इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, IIT-बॉम्बे के डायरेक्टर शिरीष केदारे ने परीक्षा के संचालन और अनुशासन से जुड़े नियमों की समीक्षा के लिए आठ सदस्यीय कमेटी बनाई थी। इसमें चार फैकल्टी सदस्य और चार छात्र शामिल थे। कमेटी की अंतरिम रिपोर्ट में परीक्षा के दौरान इनविजिलेटर की भूमिका को स्पष्ट और सीमित करने की बात कही गई है।
प्रस्ताव के मुताबिक, अगर किसी छात्र के पास बिना कोई नकल सामग्री मिलती है तो इनविजिलेटर का काम उस गतिविधि को रोकना, संबंधित नकल सामग्री को छात्र से ले लेना और घटना से जुड़ी अधिक से अधिक जानकारी रिकॉर्ड करना होगा। इसके बाद छात्र के खिलाफ कार्रवाई का फैसला डिसिप्लिनरी एक्शन कमेटी करेगी।
‘छात्र से कम से कम बात करें’
कमेटी की इंटरनल रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि इनविजिलेटर जब किसी छात्र को नकल करते हुए पकड़ लें तो उस वक्त जितना हो सके छात्र से कम से कम बात करें बस उसकी नकल सामग्री को उससे ले लें। रिपोर्ट में कहा गया है कि नकल वाली सामग्री कुछ भी हो उसकी फोटो जरूर लें। अगर छात्र की पहचान को लेकर संदेह हो, तो इनविजिलेटर डेस्क पर उसकी फोटो लेने का प्रावधान भी प्रस्तावित किया गया है।
घटना के दौरान छात्र को अपनी बात रखने का मौका मिले
इसके अलावा इस रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि छात्र को भी अपना पक्ष रखने का मौका दिया जाएगा। परीक्षा समाप्त होने के बाद इनविजिलेटर को एक निर्धारित फॉर्म में घटना और जब्त किए गए सबूतों का विवरण दर्ज करना होगा। वहीं, छात्र को अलग स्थान पर अतिरिक्त स्टाफ की मौजूदगी में एक दूसरे फॉर्म के जरिए अपना पक्ष दर्ज कराने का मौका मिलेगा। इन फॉर्म को जब्त की गई सामग्री और छात्र की मूल आंसर बुक के साथ संबंधित कोर्स कराने वाले विभाग के प्रमुख के पास भेजने का प्रस्ताव है।
बता दें कि आईआईटी बॉम्बे में इस कमेटी का गठन सेकंड ईयर के BTech छात्र साहिल वाकोडे की मौत के बाद किया गया था। साहिल को 18 सितंबर 2026 को मिड-सेमेस्टर एग्जाम के दौरान मोबाइल का इस्तेमाल करते हुए पकड़ लिया था। इसके बाद कुछ दिन बाद ही साहिल ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी।
यह भी पढ़ें: साहिल वाकोडे की मौत के मामले में छुट्टी पर भेजे गए IIT बॉम्बे के प्रोफेसर डूला, जांच के लिए बनाई गई कमेटी
IIT बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की आत्महत्या के मामले में प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला को छुट्टी पर भेज दिया गया है। डूला के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और जातिगत भेदभाव के आरोप में एससी-एसटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। इसके अलावा, IIT बॉम्बे ने साहिल की मौत से जुड़े मामले की जांच के लिए 10 सदस्यों की एक कमेटी भी बनाई है। IIT पलक्कड़ के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन प्रोफेसर रमेश वेंकटेश्वरन की अध्यक्षता वाली इस कमेटी को एक हफ्ते के अंदर अपनी रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा गया है। यहां पढ़ें पूरी खबर…
