आध्यात्मिक गुरु जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने शुक्रवार को दावा किया कि अगर ऑपरेशन सिंदूर दो दिन और जारी रहता तो पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर भारत में मिल गया होता। उन्होंने यह बात लखनऊ में आयोजित श्रीराम कथा के दौरान कही। इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद थे।
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, चित्रकूट स्थित तुलसी पीठ के संस्थापक और प्रमुख रामभद्राचार्य ने 100 से ज्यादा पुस्तकें लिखी हैं और हिंदू धर्मशास्त्रों का ज्ञाता माना जाता है। रामभद्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा, ”रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के कार्यकाल के दौरान ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में नौ आतंकवादी ठिकानों को नष्ट कर दिया गया था। अगर यह ऑपरेशन दो दिन और जारी रहता, तो पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर भारत में मिल गया होता।”
भारत ने चलाया था ऑपरेशन सिंदूर
दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले और 26 लोगों की हत्या किए जाने के जवाब में भारत ने मई 2025 में पाकिस्तान में आतंकी ढांचे को नष्ट करने के लिए ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया।
जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने कहा कि जब भारतीय सेना के प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने अपनी ‘दीक्षा’ के समय ‘गुरु दक्षिणा’ देने की इच्छा व्यक्त की, तो उन्होंने कहा था कि वह पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर को भारत में वापस चाहते हैं। रामभद्राचार्य ने रक्षामंत्री की ओर इशारा करते हुए कहा, ”आप क्षत्रिय हैं और देश की रक्षा की जिम्मेदारी आपके कंधों पर है।”
फिर से एक बार मोदी सरकार बनेगी- रामभद्राचार्य
जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने विश्वास जताया कि 2029 में फिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनेगी और राजनाथ सिंह एक बार फिर रक्षा मंत्री के रूप में देश की सेवा करेंगे। उन्होंने यह भी मांग की कि जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा दिया जाए और रामचरितमानस को राष्ट्रीय ग्रंथ घोषित किया जाए। उन्होंने कहा, ”राम राष्ट्र के कल्याण के प्रतीक हैं।”
अपने संबोधन में राजनाथ सिंह ने कहा कि जगद्गुरु रामभद्राचार्य को पिछले 30-32 साल से जानता हूं। उन्होंने कहा कि ऐसी अद्भुत स्मृति और असाधारण प्रतिभा उन्होंने दुनिया में कहीं और नहीं देखी। रक्षामंत्री ने कहा कि यह केवल सामान्य आध्यात्मिक अभ्यास का परिणाम नहीं है, बल्कि सर्वशक्तिमान की विशेष कृपा का फल है। राजनाथ सिंह ने कहा कि आध्यात्मिक व्यक्ति वह होता है जिसका हृदय बड़ा होता है।
यह भी पढ़ें: भारत पहुंची S-400 सुदर्शन की चौथी स्क्वाड्रन
भारत की हवाई सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए रूस से S-400 सुदर्शन एयर डिफेंस सिस्टम की चौथी स्क्वाड्रन कुछ दिन पहले भारत पहुंच गई है। समाचार एजेंसी एएनआई की एक रिपोर्ट में रक्षा सूत्रों के अनुसार, यह सिस्टम जहाज के जरिए भारत लाया गया है और जल्द ही इसे तैनात किया जाएगा। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
