समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव और पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के बीच इंडिया गठबंधन में शामिल होने को लेकर जुबानी जंग छिड़ गई है। अखिलेश ने शुक्रवार को साफ कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य उनके गठबंधन में शामिल नहीं हैं। इस पर अब स्वामी प्रसाद मौर्य ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि जब अखिलेश यादव अपनी पार्टी के नेता आजम खान के नहीं हुए, तो स्वामी प्रसाद मौर्य के क्या होंगे।

स्वामी प्रसाद मौर्य ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा, “पहली बात तो यह है कि वो भी गठबंधन की एक पार्टी हैं। अखिलेश यादव इंडिया गठबंधन नहीं है। इंडिया गठबंधन के राष्ट्रीय संयोजक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे हैं, अंतिम निर्णय उनका होता है। ये ना पिद्दी और ना पिद्दी के शोरबा। ये हमको सर्टिफिकेट देने वाले कौन होते हैं। इनके कोटे की सीटों में मैंने टिकट मांगा ही नहीं है।”

हमने कांग्रेस और राहुल गांधी से बात की है- स्वामी प्रसाद मौर्य

स्वामी प्रसाद मौर्य ने आगे कहा, “हमने कांग्रेस और राहुल गांधी से बात की है। हमारी बात प्रियंका गांधी से हुई है, हमारी बात कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी गौतम जी से हुई है। मैंने इनसे तो कोई बात ही नहीं की है। अगर इतने ही ये लायक होते तो मैं उत्तर प्रदेश में रहकर पहले इनसे बात करता, राहुल गांधी से बात करने का क्या औचित्य था। इनके असली चेहरों को तो मैं समझ चुका हूं, इसीलिए मैंने समाजवादी पार्टी महासचिव और म्यूनिसिपल छोड़ा था। अगर ये इतने ही अच्छे होते तो मैंने इनका साथ क्यों छोड़ा होता।”

अखिलेश यादव आजम खान के नहीं हुए तो हमारे क्या होंगे- स्वामी प्रसाद मौर्य

पूर्व मंत्री ने कहा, “ये (अखिलेश यादव) पीडीए की दुहाई देंगे, लेकिन ये पीडीए के दुश्मन नंबर -1 हैं। आज सही मायने में जहां पर नाथवानी भेजे गए हैं, वहां पर आजम खान की पत्नी को जाना चाहिए था। अखिलेश यादव जब आजम खान के नहीं हुए तो स्वामी प्रसाद मौर्य के क्या होंगे। इसलिए हमें अखिलेश यादव के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है। ना ही मैंने उनसे टिकट मांगा और आगे भी उनके हिस्से के टिकट के प्रति हमारा कोई मोह नहीं है।”

अखिलेश यादव ने क्या कहा था?

स्वामी प्रसाद मौर्य के इंडिया गठबंधन में शामिल होने को लेकर पत्रकारों ने सपा मुखिया अखिलेश यादव से सवाल पूछा। पत्रकारों ने पूछा कि स्वामी प्रसाद मौर्य दिल्ली जा रहे हैं तो क्या वह भी उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन में शामिल होंगे? उसके जवाब में अखिलेश यादव ने दो टूक कहा कि हमारे गठबंधन में वह शामिल नहीं हो सकते हैं। अखिलेश ने कहा कि हमारी सीट की गिनती में वह नहीं शामिल हो सकते हैं, आप क्यों बेवजह का बहस छेड़ रहे हो। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…