उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एलपीजी संकट पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने गुरुवार को गोरखपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा है कि पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के दौरान अफवाहों से बचने की जरूरत है। लोग बिना वजह रसोई गैस के सिलेंडर के लिए लाइनों में न लगें।
उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि अगर यह युद्ध और लंबा खिंचता है, तो उसका प्रभाव हर व्यक्ति पर पड़ सकता है। ऐसे में सभी को मानसिक रूप से तैयार रहने और अफवाहों से दूर रहने की जरूरत है।
राष्ट्रीय चुनौती के समय मिलकर करें काम- योगी
मुख्यमंत्री ने अपने बयान में आगे कहा कि जब भी कोई बड़ी राष्ट्रीय चुनौती आती है, तो सरकार और जनता को मिलकर काम करना होता है। यही सच्चे मायनों में राष्ट्रभक्ति भी है। ऐसे समय में यदि देशहित को ध्यान में रखते हुए सरकार कोई कदम उठाती है, तो जनता को भी उसके लिए तैयार रहना चाहिए।
सीएम ने आगे कहा कि वर्तमान में स्थिति यह हो गई है कि अगर किसी घर में एक सिलेंडर एक महीने चलता था, तो अब लोग पांच-छह दिन में ही नया सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब आपका नंबर आएगा, तो रजिस्ट्रेशन के बाद रसोई गैस आपके घर तक पहुंच जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने सभी जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि पहले की तरह ही गैस डिलीवरी की व्यवस्था बनाए रखी जाए। मुख्यमंत्री ने सभी से अपील की है कि अफवाहों और दुष्प्रचार के चक्कर में आकर लाइनों में न लगें। इससे देश की छवि और राष्ट्रभक्ति पर सवाल खड़े होते हैं।
पेट्रोल-डीजल को लेकर मची होड़ की ग्राउंड रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
