अपने लापता तोते को ढूंढकर लाने वाले के लिए एक लाख रुपये का इनाम घोषित करने वाली जेसिका पारेख को कई फोन कॉल आ रहे हैं। हालांकि, उन्हें पता है कि हर कोई यह नहीं समझ पा रहा कि वह असल में किसे तलाश रही हैं। कई लोग उन्हें दूसरा तोता खरीदने का ऑफर दे रहे हैं लेकिन जेसिका का जवाब साफ है- उन्हें कोई दूसरा पक्षी नहीं चाहिए, उन्हें बस अपना ‘बच्चा’ वापस चाहिए।

जेसिका का छह महीने का कांगो अफ्रीकन ग्रे प्रजाति का तोता लड्डू शनिवार शाम वडोदरा के सेवासी इलाके में स्थित उनके घर से लापता हो गया। लड्डू अपने पिंजरे से निकलकर घर के मुख्य दरवाजे से बाहर उड़ गया था। इसके बाद से परिवार को उसकी कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल पाई है।

पूर्व स्कूल टीचर जेसिका ने बताया कि घटना के समय वह लड्डू को खाना खिला रही थीं। तभी दरवाजे की घंटी बजी।

जब पिंजरे से उड़ गया लड्डू

उन्होंने बताया, ”शाम करीब 7:24 बजे एक डिलीवरी करने वाला सामान लेकर आया था। मैं पिंजरे के अंदर से लड्डू को खाना खिला रही थी। पार्सल लेने के लिए कुछ देर बाहर गई। लड्डू पिंजरे में ही था लेकिन उसे उसकी कुंडी खोलना आता था। उसने कुंडी खोली और मेरे कुछ समझने से पहले ही घर के मेन गेट से बाहर उड़ गया।”

35 साल की जेसिका ने लड्डू को खोजने के लिए अपने पड़ोसियों, वन विभाग और अन्य रेस्क्यू टीमों से संपर्क किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी अपील की है ताकि अगर किसी को यह तोता कहीं दिखाई दे तो वह उसे पहचानकर परिवार को इसकी जानकारी दे सके।

जेसिका ने बताया, ”मैंने वन विभाग और रेस्क्यू टीमों से संपर्क किया। आखिरकार, जब लड्डू के लापता होने का चौथा दिन था तो मैंने सोशल मीडिया पर भी अपील की। इसके बाद पक्षियों को पालने वाले कई लोग और शौकीन लोग मुझे फोन करने लगे। उन्होंने यह कहकर मुझे ढांढस बंधाया कि उनके तोते भी आठ-दस दिन बाद वापस लौट आए थे। वन विभाग ने कहा है कि अगर मुझे लड्डू कहीं दिखाई देता है तो उसे पकड़ने में वे मेरी मदद करेंगे। लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है।”

हर जगह लड्डू की तलाश जारी

जेसिका को इस बात से थोड़ी उम्मीद है कि लड्डू अभी छोटा है और वह 15 किलोमीटर से ज्यादा दूर नहीं उड़ पाया होगा। उन्होंने कहा, ”एक जगह से लड्डू के बारे में जानकारी मिली थी। हमारे घर के पास एक फार्महाउस में उसे देखे जाने की बात सामने आई थी। लेकिन वहां तलाश करने के बाद भी वह नहीं मिला। हालांकि, मुझे पता है कि वह 15 किलोमीटर से ज्यादा दूर नहीं गया होगा क्योंकि विदेशी प्रजाति के पक्षी आमतौर पर बहुत दूर तक नहीं उड़ते।”

उन्होंने आगे बताया, ”लड्डू को मैं अच्छी तरह जानती हूं। वह अकेले और शांत जगह पर छिपा होगा और खुद को खोया हुआ महसूस कर रहा होगा। उसे ज्यादा लोगों का साथ या शोर-शराबा पसंद नहीं है। घर पर भी वह सिर्फ मेरे करीब रहता था। मैं ही उसकी मम्मा हूं। जब घर में मेहमान आते थे, तो वह बिल्कुल स्टेच्यू की तरह शांत हो जाता था। मुझे चिंता है कि दिवाली पर पटाखों की आवाज से वह कितना घबरा रहा होगा।”

एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा वाले पोस्टर में लड्डू की तस्वीर भी लगाई गई है। तस्वीर में उसके शरीर पर भूरे रंग के पंख, काली चोंच और चमकदार लाल पूंछ दिखाई दे रही है। पोस्टर में उसे परिवार का ‘इकलौता बच्चा’ और ‘अनमोल सदस्य’ बताया गया है। साथ ही लोगों से उसे घर वापस लाने में मदद करने की अपील की गई है।

जेसिका की भावुक अपील

एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा के बाद जेसिका की अपील ज्यादा लोगों तक पहुंची है। जेसिका के मुताबिक, कुछ लोगों ने लड्डू के बारे में जानकारी होने का दावा किया तो कुछ ने इनाम की रकम से कम कीमत पर उन्हें दूसरे तोते बेचने का ऑफर दिया। लेकिन जेसिका को कोई दूसरा तोता नहीं चाहिए, वह सिर्फ अपने लड्डू की घर वापसी का इंतजार कर रही हैं।

जेसिका ने बताया कि कुछ लोगों ने इनाम की रकम पाने के लिए उन्हें QR कोड के साथ एक भूरे रंग के तोते की तस्वीर भेजी। लेकिन उन्होंने उन लोगों से तोते का वीडियो भेजने को कहा। उन्होंने कहा, “मैं कानूनी रूप से पालतू पक्षी रखने की अनुमति रखती हूं और मेरे तोते के पैर में एक पहचान वाली रिंग भी है। इससे मैं आसानी से पहचान सकती हूं कि वह लड्डू ही है या नहीं। कुछ लोग इसी तरह के दूसरे तोते सस्ते दामों पर बेचने का ऑफर भी दे रहे हैं।”

उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “मैं कोई डील करने नहीं निकली हूं, मैं अपने बच्चे को तलाश रही हूं।” जेसिका ने बताया कि वह इस साल की शुरुआत में लड्डू को मुंबई से लेकर आई थीं।

जेसिका ने लड्डू को खोजने के लिए उन सभी जगहों पर तलाश की जहां उसके होने की संभावना हो सकती थी। इसमें शहर के वे इलाके भी शामिल थे जहां बड़ी संख्या में तोते रहते हैं। उन्होंने कहा, ”अब हमारी उम्मीद इस बात पर टिकी है कि कोई लड्डू को कहीं देखे, तस्वीरों से उसे पहचाने और परिवार को इसकी जानकारी दे।”

जेसिका ने बताया कि वे लड्डू को हर समय पिंजरे में बंद करके नहीं रखते थे। घर में उसे खुलकर घूमने की आजादी थी। अगर वह इस दौरान घर की कुछ चीजें तोड़ देता या गंदगी फैला देता था तब भी परिवार को कोई परेशानी नहीं होती थी।