उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद की सड़क हादसे में मौत के बाद अब दुर्घटना से ठीक पहले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह पूरा घटनाक्रम पीछे चल रही कार के डैशबोर्ड कैमरे में कैद हो गया।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक हुंडई क्रेटा तेज रफ्तार से एक पिकअप ट्रक को ओवरटेक करती हुई दिखाई दे रही है। इसके बाद जाहिर तौर पर कार का नियंत्रण बिगड़ जाता है और वह सड़क के डिवाइडर से टकरा जाती है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एसयूवी कई फीट हवा में उछल गई।

बता दें कि अतीक अहमद के बेटों में से एक अबान अहमद की 6 अगस्त 2026 को उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में एक सड़क हादसे में मौत हो गई। अबान अपने बड़े भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था, जो झांसी जेल में बंद है। हादसे में गाड़ी में सवार एक और व्यक्ति की भी मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अधिकारियों ने बताया कि टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह से पिचक गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया।

अतीक अहमद की पुलिस हिरासत में हुई थी मौत

अप्रैल 2023 में प्रयागराज के एक अस्पताल परिसर में पुलिस हिरासत में रहते हुए अतीक और उसके भाई अशरफ की दो हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। कुछ हफ्ते पहले अतीक के दूसरे बेटे असद की झांसी में पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई थी। वह प्रयागराज में फरवरी 2023 में वकील उमेश पाल और उनके दो पुलिस सुरक्षाकर्मियों संदीप निषाद और राघवेंद्र सिंह की हत्या के सिलसिले में वांछित था।

असद के नेतृत्व में कथित तौर पर किए गए इस हमले में पाल के घर के बाहर दिनदहाड़े बंदूकधारियों ने गोलीबारी की और देसी बम फेंके। पाल की हत्या के सिलसिले में अतीक की पत्नी, बहन और भाभी भी वांछित हैं और उन पर 50000 रुपये का इनाम है। अतीक के दो अन्य बेटे अली अहमद और मोहम्मद उमर झांसी और लखनऊ की जेलों में बंद हैं। अतीक के खिलाफ 100 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे, जबकि अशरफ के खिलाफ 50 अन्य मामले दर्ज थे।

यह भी पढ़ें: अतीक अहमद के बेटे उमर के काफिले के पीछे 28 गाड़ियां टोल बैरियर तोड़कर निकलीं, मालिकों पर FIR

गैंगस्टर से नेता बने अतीक अहमद के बेटे को ले जा रहे पुलिस वाहनों के पीछे चल रहे वाहनों के मालिकों पर मामला दर्ज किया गया है। उमर को ले जा रहे पुलिस वाहनों के पीछे चल रहे 28 वाहनों के मालिकों के खिलाफ टोल नाके का बैरिकेड तोड़ने और बिना टोल दिए नवाबगंज टोल प्लाजा पार करने के आरोप में रविवार को मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार, टोल प्लाजा के सहायक प्रबंधक जय प्रकाश यादव की शिकायत पर FIR दर्ज की गयी। पुलिस ने बताया कि वाहनों की पहचान उनके पंजीकरण नंबर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की गई है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…